#हादसा
August 19, 2026
चिंतपूर्णी माता मंदिर से लौट रहे श्रद्धालुओं की पिकअप कार से भिड़ी- युवक की मौ**त, 5 घायल
कार में फंस गया था युवक, हालत देख सहमे लोग
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में एक बार फिर तेज रफ्तार सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। अंब उपमंडल के दिलवां में ऊना-धर्मशाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार दोपहर बाद कार और पिकअप की जोरदार टक्कर हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि कार सवार एक युवक वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गया। उसे निकालने के लिए कार को कटर से काटना पड़ा। हादसे में अंदौरा निवासी ऋतिक राणा की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, अंदौरा निवासी देवेंद्र, मयंक ठाकुर, कृष, आर्यन और ऋतिक राणा कार में सवार होकर अंब की ओर जा रहे थे। दिलवां के पास पहुंचने पर उनकी कार सामने से आ रही पिकअप से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। कार सवार एक युवक वाहन में बुरी तरह फंस गया था। स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया और कटर की मदद से कार को काटकर युवक को बाहर निकाला।
हादसे में कार सवार पांचों युवक घायल हुए। वहीं पिकअप में सवार अभिजीत सिंह भी घायल हो गए। बताया जा रहा है कि पिकअप में सवार श्रद्धालु अमृतसर से चिंतपूर्णी मंदिर में दर्शन करने के बाद नैनादेवी जा रहे थे।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया। यहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने ऋतिक राणा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दो गंभीर घायलों की हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद PGI चंडीगढ़ रेफर किया गया है।
हादसे के बाद ऊना-धर्मशाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर कार अनियंत्रित होकर पिकअप से कैसे टकराई।