धीरा (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में मंगलवार देर शाम उस समय सनसनी फैल गईए जब धीरा क्षेत्र की न्यूगल खड्ड में एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ। खड्ड के तेज बहाव के बीच शव दिखाई देने के बाद मौके पर मौजूद लोगों के होश उड़ गए। मृतक महिला के शरीर पर एक भी कपड़ा नहीं था। सूचना फैलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। महिला की उम्र करीब 50 वर्ष बताई जा रही है और समाचार लिखे जाने तक उसकी पहचान नहीं हो सकी थी।
खड्ड में शव देखकर मचा हड़कंप
जानकारी के अनुसार मंगलवार देर शाम कुछ लोग न्यूगल खड्ड में पानी के तेज बहाव को देखने के लिए पुल के पास खड़े थे। इसी दौरान उनकी नजर खड्ड में पड़े शव पर गई। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना आसपास के ग्रामीणों, पुलिस और दमकल विभाग को दी। कुछ ही देर में मौके पर पुलिस और बचाव दल पहुंच गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: जज के सामने युवक को बुलेट बाइक से पटाखे करना पड़ा भारी, अब कोर्ट में होना होगा पेश
दमकल टीम ने खड्ड से बाहर निकाला शव
सूचना मिलते ही पुलिस चौकी धीरा प्रभारी देशराज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। खड्ड में पानी का बहाव तेज होने के कारण शव को बाहर निकालने के लिए दमकल विभाग की मदद ली गई। बचाव दल ने काफी सावधानी से शव को खड्ड से बाहर निकाला और पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
नग्न अवस्था में मिला शव
पुलिस के अनुसार महिला का शव नग्न अवस्था में बरामद हुआ है। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो पाई है। शुरुआती तौर पर यह आशंका जताई जा रही है कि शव पानी के तेज बहाव के साथ ऊपरी क्षेत्र से बहकर न्यूगल खड्ड तक पहुंचा हो सकता है। हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में अभी किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल हाईकोर्ट के सख्त आदेश, कंपनी को चार सप्ताह में रंजना को दे 2.23 करोड़ का मुआवजा
पहचान के बाद ही साफ होगी पूरी तस्वीर
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नियमानुसार आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। महिला की पहचान के लिए शव को सुरक्षित रखा जाएगा। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लापता महिलाओं से संबंधित जानकारी भी जुटा रही है, ताकि मृतका की शिनाख्त हो सके और घटना की पूरी कड़ी सामने आ सके।
यह भी पढ़ें : विक्रमादित्य सिंह ने किया खुलासा: आपस में जुड़ेंगे हिमाचल के दो बड़े फोरलेन; केंद्र से मिली मंजूरी
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस उपाधीक्षक पालमपुर सुनील राणा ने महिला का शव मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि अभी तक मृतका की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पहचान होने के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि महिला कौन थी और वह न्यूगल खड्ड तक कैसे पहुंची।
