#अपराध

August 11, 2026

हिमाचल: जज के सामने युवक को बुलेट बाइक से पटाखे करना पड़ा भारी, अब कोर्ट में होना होगा पेश

जज ने बाइक जब्त कर मालिक को कोर्ट में पेश करने के दिए निर्देश

शेयर करें:

mandi bike News

मंडी। हिमाचल प्रदेश की सड़कों पर मॉडिफाइड साइलेंसर लगी बुलेट से पटाखों जैसी तेज आवाज निकालना बाइक सवारों के बीच भले ही स्टाइल का हिस्सा बन गया हो, लेकिन मंडी में ऐसा करना एक बुलेट मालिक को भारी पड़ गया। खास बात यह रही कि जिस समय बुलेट से तेज धमाकेदार आवाजें निकाली जा रही थीं, उस दौरान मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) असलम बेग खुद सड़क से गुजर रहे थे। उन्होंने मामले का कड़ा संज्ञान लेते हुए पुलिस को बाइक और उसके मालिक का पता लगाने के निर्देश दिए। पुलिस ने बुलेट को जब्त कर लिया और अब अदालत ने वाहन मालिक को व्यक्तिगत रूप से पेश होने के लिए तलब किया है।

सड़क पर बुलेट से निकली तेज आवाज

मामला तीन अगस्त का है। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी असलम बेग अदालत परिसर से अपने निवास की ओर जा रहे थे। इसी दौरान महामृत्युंजय मंदिर की ओर से एक बुलेट बाइक वहां से गुजरी। बाइक के मॉडिफाइड साइलेंसर से लगातार इतनी तेज आवाज निकल रही थी कि वह सामान्य वाहन के साइलेंसर की आवाज से बिल्कुल अलग थी। पटाखों जैसी आवाज ने ध्यान खींचा तो सीजेएम ने मामले को गंभीरता से लिया और वाहन के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश जारी किए।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल हाईकोर्ट के सख्त आदेश, कंपनी को चार सप्ताह में रंजना को दे 2.23 करोड़ का मुआवजा

हेलमेट भी नहीं पहना था, नंबर प्लेट भी अधूरी

अदालत के संज्ञान में यह भी आया कि बुलेट चालक ने उस समय हेलमेट नहीं पहना था। इतना ही नहीं, वाहन पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी। यानी तेज और धमाकेदार आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर के साथ यातायात नियमों की अनदेखी भी सामने आई। ध्वनि प्रदूषण और सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों के उल्लंघन को देखते हुए सीजेएम ने सदर थाना और यातायात पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए।

तीन दिन में बाइक तलाशने के आदेश 

सीजेएम ने पुलिस को तीन दिनों के भीतर बुलेट को जब्त करने और उसके मालिक की पहचान कर रिपोर्ट अदालत में पेश करने को कहा। आदेश मिलते ही यातायात पुलिस ने वाहन की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने टाउन हाल के पास से एचपी33-1553 नंबर की बुलेट को जब्त कर लिया। इसके बाद वाहन मालिक की पहचान की गई और पुलिस ने अदालत में अनुपालना रिपोर्ट प्रस्तुत की।

 

यह भी पढ़ें : विक्रमादित्य सिंह ने किया खुलासा: आपस में जुड़ेंगे हिमाचल के दो बड़े फोरलेन; केंद्र से मिली मंजूरी

अब बाइक मालिक को कोर्ट में खुद होना पड़ेगा पेश

पुलिस की रिपोर्ट मिलने के बाद अदालत ने बुलेट मालिक हेत राम निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी को व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश होने के लिए तलब किया है। इस कार्रवाई के बाद मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर सड़क पर तेज धमाके जैसी आवाजें निकालने वाले बाइक चालकों के लिए भी कड़ा संदेश गया है कि इस तरह के स्टंट को केवल शौक या स्टाइल मानकर नियमों की अनदेखी करना भारी पड़ सकता है।

मॉडिफाइड साइलेंसर से बढ़ता शोर बना परेशानी

हिमाचल प्रदेश के कई शहरों और कस्बों में मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बुलेट से तेज आवाज निकालने की शिकायतें सामने आती रहती हैं। कई बाइक चालक जानबूझकर साइलेंसर में बदलाव कर ऐसी आवाज पैदा करते हैं, जिससे सड़क पर अचानक धमाके जैसी आवाज सुनाई देती है। इससे आसपास के लोगों को परेशानी होने के साथ ध्वनि प्रदूषण भी बढ़ता है। मंडी की यह कार्रवाई बताती है कि अब ऐसे मामलों में पुलिस और प्रशासन सख्ती से कार्रवाई कर सकते हैं।

 

यह भी पढ़ें : इस दिन मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं सुंदर सिंह ठाकुर! CM सुक्खू ने दिए संकेत; बोले- जल्द मिलेगा नया मंत्री

काली फिल्म वाली क्रेटा का भी 5 हजार का चालान

इसी बीच पुलिस ने एक अन्य मामले में मनाली से चंडीगढ़ जा रही क्रेटा कार को भी कार्रवाई के दायरे में लिया। जीजे04ईपी7804 नंबर की गाड़ी को पंडोह के पास पुलिस ने जांच के लिए रोका। वाहन के शीशों पर काली फिल्म लगी हुई थी और लापरवाही से वाहन चलाने की शिकायत भी पुलिस को मिली थी। स्थानीय व्यक्ति ने कुल्लू के पास वाहन की शिकायत 112 नंबर पर की थी, जिसके बाद पुलिस ने गाड़ी की तलाश शुरू की। पुलिस ने वाहन को रोककर 5 हजार रुपये का चालान किया और मौके पर ही शीशों से काली फिल्म हटवा दी। इस कार्रवाई में हेड कांस्टेबल मनोज ठाकुर की टीम ने वाहन की जांच की।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख