चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। जनजातीय क्षेत्र भरमौर में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
नशे की ओवरडोज से युवक की मौत
शुरुआती जांच में नशे की ओवरडोज से मौत की आशंका जताई जा रही है। मामला उस वक्त और गंभीर हो गया, जब मृतक के साथ ठहरे पंजाब के जालंधर से आए दो युवकों को पुलिस ने चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : दो दिन से ढूंढे रहे थे माता-पिता, जंगल में मिली लाडले की देह; मची चीख-पुकार
दो दोस्त चिट्टे संग अरेस्ट
मृतक की पहचान रोहित निवासी भरमौर के रूप में हुई है। रोहित की अचानक हुई मौत से परिवार गहरे सदमे में है, वहीं स्थानीय लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं। भरमौर जैसे शांत क्षेत्र में नशे से जुड़ी इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
दोस्तों के साथ ठहरा था रोहित
पुलिस के अनुसार 8 फरवरी को जालंधर से आए जिवांशु दुआ (30) और कर्ण (25) ग्राम पंचायत सचुई के गांव बाड़ी में रमेश चंद के घर ठहरे थे। दोनों युवक रोहित के दोस्त बताए जा रहे हैं। उसी रात रोहित भी उनके साथ उसी कमरे में रुका। बताया जा रहा है कि तीनों ने साथ समय बिताया, लेकिन रात के दौरान क्या हुआ, इसका स्पष्ट विवरण अभी सामने नहीं आ पाया है।
यह भी पढ़ें : मंडी शिवरात्रि से दूरी बना कर बैठे पांच देवी-देवता : 500 साल से चल रही नाराजगी, नहीं हो रही खत्म
दोस्त ने घर पर किया फोन
अगली सुबह जिवांशु ने रोहित के परिजनों को फोन कर बताया कि रोहित बेहोश पड़ा है। सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और रोहित को तुरंत सिविल अस्पताल भरमौर ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआत में परिजनों को किसी साजिश या आपराधिक घटना का शक नहीं था, लेकिन बाद में उन्होंने मौत के कारणों की गहराई से जांच की मांग की।
पुलिस जांच में नशे की कड़ी आई सामने
मामले की जांच के दौरान पुलिस को संदेह हुआ कि रोहित ने अपने दोस्तों के साथ नशे का सेवन किया हो सकता है। पूछताछ में जिवांशु ने खुलासा किया कि वह निजी कार से जालंधर से भरमौर आया था।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में ये क्या हो रहा? घर के टैंक में मिली महिला की देह, पति और दोनों देवर फरार
दोस्तों से मिला चिट्टा
इस जानकारी के बाद पुलिस ने स्थानीय गवाहों की मौजूदगी में हेलीपैड के पास खड़ी उस कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन की डिक्की में रखे टूल बॉक्स के जैक के अंदर से दो पारदर्शी पॉलीथिन में 2.15 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने दोनों युवकों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने चिट्टा बरामद होने के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत FIR दर्ज कर ली है। हालांकि, मात्रा कम होने के कारण दोनों आरोपियों की जमानत हो चुकी है। इसके बावजूद पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या इसी नशे का सेवन रोहित की मौत की वजह बना।
यह भी पढ़ें : HRTC बस से सप्लाई हो रहा था चिट्टा : पुलिस को मिली लीड, दो तस्करों को रंगे हाथों दबोचा
हर पहलू से जांच जारी
पुलिस अधीक्षक चंबा विजय सकलानी ने बताया कि युवक की मौत और नशे के बीच संबंधों की हर एंगल से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य फोरेंसिक जांच के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि चिट्टा कहां से लाया गया था और क्या इससे पहले भी इस तरह का सेवन किया गया था।
