शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। लोअर सांगटी क्षेत्र से दो दिन पहले लापता हुए 29 वर्षीय युवक की जंगल में फंदे से लटके हुई लाश मिली है।
फंदे से लटकी मिली लाश
घटना के बाद से परिवार में चीख-पुकार मची हुई है और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। युवक की असमय मौत से जहां परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं मोहल्ले और आसपास के क्षेत्र में भी शोक की लहर दौड़ गई है।
यह भी पढ़ें : मंडी शिवरात्रि से दूरी बना कर बैठे पांच देवी-देवता : 500 साल से चल रही नाराजगी, नहीं हो रही खत्म
परीक्षा की कर रहा था तैयारी
मृतक की पहचान शोभित के रूप में हुई है- जो कि लोअर सांगटी का रहना वाला था। बताया जा रहा है कि शोभित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था और पढ़ाई को लेकर काफी गंभीर था।
रविवार से था लापता
परिजनों के अनुसार वह सामान्य स्वभाव का युवक था और घर से निकलते वक्त किसी तरह की परेशानी या तनाव की बात उसने साझा नहीं की थी। जानकारी के अनुसार रविवार को शोभित बिना किसी को बताए घर से बाहर निकला था। जब देर रात तक वह वापस नहीं लौटा तो परिजन चिंतित हो गए।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में ये क्या हो रहा? घर के टैंक में मिली महिला की देह, पति और दोनों देवर फरार
दो दिन से ढूंढ रहे थे परिजन
रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद सोमवार को परिजनों ने पुलिस थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई, जिसके बाद पुलिस ने युवक की तलाश शुरू की।
![]()
जंगल में मिला शव
मंगलवार को सांगटी क्षेत्र के जंगल में कुछ स्थानीय लोग रोजमर्रा के काम से गए हुए थे। इसी दौरान उनकी नजर एक युवक के शव पर पड़ी, जो पेड़ से लटका हुआ था। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को नीचे उतार कर कब्जे में लिया और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
यह भी पढ़ें : HRTC बस से सप्लाई हो रहा था चिट्टा : पुलिस को मिली लीड, दो तस्करों को रंगे हाथों दबोचा
सुसाइड नोट नहीं मिला
पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे मौत के कारणों को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन युवक के अचानक लापता होने और किसी तरह के संकेत न मिलने के कारण पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस गंभीरता से कर रही जांच
मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि युवक दो दिनों से लापता था और अब उसका शव जंगल में पेड़ से लटका मिला है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और वे अभी भी इस सदमे से उबर नहीं पाए हैं। पुलिस जांच के नतीजों पर अब सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : जिस घर से निकलनी थी पोते की बारात, उसी आंगन से उठी दादा की अर्थी- सदमे में परिवार
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति साफ हो सकेगी। फिलहाल परिजनों, दोस्तों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर युवाओं के मानसिक दबाव और अचानक सामने आने वाली त्रासद स्थितियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।



