#अपराध
February 9, 2026
हिमाचल में ये क्या हो रहा? घर के टैंक में मिली महिला की देह, पति और दोनों देवर फरार
पति और दो देवरों के साथ किराए के कमरे में रहती थी महिला
शेयर करें:

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। सदर विधानसभा क्षेत्र के कोसरियां गांव के एक घर में बने टैंक में महिला की लाश मिली है। मामले में हैरान कर देने वाली बात ये है कि महिला का पति मौके से गायब है।
बताया जा रहा है कि महिला किराए के कमरे में अपने पति और दो देवरों के साथ रहती थी। इसी घर के साथ बने टैंक में महिला की लाश मिली है। मृतका का पति और दोनों देवर मौके से फरार हैं।
शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि महिला की हत्या कर उसकी लाश टैंक में डाल दी गई है। तभी महिला का पति और दोनों देवर मौके से भाग गए हैं। इस घटना से पूरे इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, झारखंड का रहने वाला गोविंद राम पत्नी गुड़िया देवी (36) और अपने दो भाइयों के साथ गांव कोसरियां के रामलाल के मकान में किराए पर रह रहा था। आज सुबह आसपास के लोगों को घर से अजीब से दुर्गंध आने लगी- तो उन्हें अनहोनी की आशंका हुई।
पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब घर की तलाशी ली- तो घर के साथ बने टैंक के अंदर से गुड़िया देवी की लाश मिली। टैंक में लाश को इस तरह छिपाया गया था कि किसी को लंबे समय तक घटना का पता न चल सके।

पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना के बाद से गोविंद राम और उसके दोनों भाई बंसी चौहान व गुड्डू गायब हैं। पुलिस को शक है कि तीनों ने मिलकर गुड़िया की हत्या की और सबूत मिटाने के इरादे से शव को टैंक में छिपा दिया। हालांकि, हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।
उधर, महिला की लाश मिलने के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। फिलहाल, मौके पर पहुंची पुलिस टीम द्वारा साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है- ताकि मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सके। साथ ही ये पता चल सके कि महिला की मौत कब हुई है। FSL फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं।
मृतका का भाई सुखवीर चौहान झारखंड निवासी जो वर्तमान में झंडूता में रह रहा है वो भी घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचा। उसने बहन की हत्या की आशंका जताते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उसने कहा कि गुड़िया देवी के साथ क्या हुआ, इसका सच सामने आना चाहिए और दोषियों को सजा मिलनी चाहिए।
फिलहाल, पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस विभिन्न पहलुओं- पारिवारिक विवाद, आपसी तनाव और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हत्या के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा।