चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। SIU की टीम ने नाकाबंदी के दौरान एक कार से चिट्टा बरामद कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

पुलिस को मिली बड़ी सफलता

जानकारी के अनुसार, SIU की टीम कटोरी बंगला क्षेत्र के पास नियमित चेकिंग और नाकाबंदी कर रही थी। इस दौरान आने-जाने वाले वाहनों की बारीकी से जांच की जा रही थी। तभी पुलिस को एक सैंट्रो कार संदिग्ध दिखाई दी।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : सुबह-सवेरे युवक की मौ*त, सतलुज के पास गहरी खाई में गिरी गाड़ी- परिवार बेसुध

चिट्टे संग दो युवक गिरफ्तार

टीम ने तुरंत वाहन को रुकवाकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से 5.16 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने कार सवार दोनों युवकों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की गाड़ी भी सीज कर दी है।

आरोपियों की पहचान

पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तार किए गए दोनों युवक डलहौजी के रहने वाले हैं। आरोपियों की पहचान-

  • अमित कुमार (25) निवासी सदर बाजार
  • विजय कुमार (40) निवासी मोहल्ला लोहाली

यह भी पढ़ें- सुक्खू सरकार का कर्मचारियों को तोहफा! बकाया एरियर-DA भुगतान की तैयारी तेज; विभाग को दिए ये निर्देश

कहां से लाए थे खेप?

पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। शुरुआती पूछताछ में कई अहम जानकारियां जुटाई जा रही हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में लगी है कि आरोपी यह नशीला पदार्थ कहां से लेकर आए थे और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी।

 

नेटवर्क खंगालने में जुटी टीमें

जांच एजेंसियां इस मामले को केवल बरामदगी तक सीमित नहीं मान रही हैं, बल्कि इसके पीछे सक्रिय पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों के संपर्क किन लोगों से थे और क्या जिले में कोई बड़ा नशा तस्करी गिरोह सक्रिय है।

यह भी पढ़ें : सोना खरीदने से कौन रोक सकता है? PM मोदी की अपील पर बोले CM सुक्खू- यह हमारी संस्कृति का हिस्सा

नशे के खिलाफ अभियान तेज

चंबा पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार तेज किया जा रहा है। युवाओं को नशे से बचाने और तस्करों पर शिकंजा कसने के लिए नियमित नाकाबंदी, गश्त और गुप्त सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई जारी रहेगी। अधिकारियों ने साफ किया कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

चिट्टे का कारोबार बढ़ रहा

गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में चिट्टे का कारोबार चिंता का विषय बना हुआ है। ऐसे में पुलिस की लगातार कार्रवाई को नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी मुहिम माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि भविष्य में भी इसी तरह सख्ती जारी रहेगी, ताकि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाया जा सके।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें