#हादसा
May 14, 2026
हिमाचल : सुबह-सवेरे युवक की मौ*त, सतलुज के पास गहरी खाई में गिरी गाड़ी- परिवार बेसुध
पूरे गांव और परिवार में पसरा मातम
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिला में आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। ज्यूरी क्षेत्र में गानवी से क्याओ की ओर जा रहा एक वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।
हादसा इतना भयावह था कि वाहन सैकड़ों फीट नीचे सतलुज नदी की दिशा में जा पहुंचा। दुर्घटना में चालक की मौके पर ही मौत हो गई। चालक की मौत के बाद उसका पूरा परिवार गहरे सदमे में है।
जानकारी के अनुसार सुबह पुलिस चौकी ज्यूरी को सूचना मिली कि गानवी-क्याओ सड़क मार्ग पर एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके के लिए रवाना हुई। पहाड़ी और संकरे मार्ग के कारण राहत एवं बचाव कार्य में भी काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा।
बताया जा रहा है कि वाहन अचानक संतुलन खो बैठा और सड़क से सीधे गहरी खाई में लुढ़क गया। हादसे के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने भी राहत कार्य में पुलिस का सहयोग किया।
जब पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे तो चालक वाहन के अंदर गंभीर अवस्था में मिला। जांच के दौरान उसकी मौके पर ही मौत होने की पुष्टि हुई। मृतक की पहचान शिशुपाल मेहता निवासी गानवी के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा। फिलहाल, दुर्घटना के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है।
प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि पहाड़ी सड़क पर वाहन चालक का नियंत्रण बिगड़ने से हादसा हुआ हो सकता है। हालांकि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की विस्तृत जांच कर रही है।