ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने बेटियों को स्कूल-कॉलेज भेजने वाले अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है। अंब थाना क्षेत्र में एक कॉलेज छात्रा ने तीन युवकों पर लंबे समय से फब्तियां कसकर मानसिक रूप से परेशान करने, कॉलेज गेट के बाहर बदसलूकी और मारपीट करने के साथ जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रा की शिकायत के बाद पुलिस ने गौंदपुर बनेहड़ा निवासी तीन युवकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कॉलेज गेट के बाहर छात्रा से युवकों ने की मारपीट

शिकायत के मुताबिक 14 अगस्त को छात्रा कॉलेज के गेट के बाहर बस का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान तीनों युवक वहां पहुंच गए। छात्रा का आरोप है कि युवकों ने उसके साथ बदसलूकी शुरू कर दी। जब उसने इसका विरोध किया तो मामला और बढ़ गया। आरोप है कि एक युवक ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और उसे थप्पड़ मारने के साथ लातों से भी पीटा गया।

 

यह भी पढ़ें : पंजाब से चिंतपूर्णी माता मंदिर आए थे जीजा-साला : घर लौटी एक ही देह, सदमे में पूरा परिवार

पहले फब्तियां, फिर मारपीट और जान से मारने की धमकी

छात्रा ने पुलिस को बताया कि तीनों युवक कथित तौर पर उसे आए दिन फब्तियां कसकर परेशान करते थे। इस वजह से वह पहले से ही मानसिक तनाव में थी। छात्रा के अनुसार कॉलेज गेट पर हुई घटना के दौरान विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और उसे जान से मारने की धमकी तक दी गई। कॉलेज जैसे सार्वजनिक स्थान पर हुई इस घटना ने छात्रा और उसके परिवार को झकझोर दिया है।

घर पहुंचकर परिजनों को बताई पूरी घटना

घटना के बाद छात्रा घर पहुंची और उसने अपने परिजनों को आपबीती बताई। इसके बाद परिवार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शनिवार देर शाम अंब पुलिस थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीनों युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब घटना से जुड़े तमाम पहलुओं को खंगाल रही है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल के लिए अगले 48 घंटे भारी : पांच जिलों में तेज बारिश का अलर्ट, मंडरा रहा खतरा

पुलिस जांच में सामने आएगा पुराना विवाद

पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि छात्रा और आरोपियों के बीच पहले से कोई विवाद था या छात्रा को लंबे समय से किसी तरह परेशान किया जा रहा था। पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने के साथ घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों और परिस्थितियों की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

बेटियों की सुरक्षा को लेकर उठे सवाल

कॉलेज गेट जैसी सार्वजनिक जगह पर छात्रा के साथ कथित बदसलूकी और मारपीट की घटना सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भी रोष है। लोगों का कहना है कि शिक्षण संस्थानों के आसपास छात्राओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस और प्रशासन को और अधिक सतर्क रहने की जरूरत है। अभिभावकों की चिंता भी इस बात को लेकर बढ़ गई है कि अगर छात्राएं कॉलेज के गेट या बस स्टॉप जैसी जगहों पर भी सुरक्षित महसूस नहीं करेंगी तो उनके सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो सकती है। स्थानीय लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति पर रोक लग सके।

यह भी पढ़ें- हिमाचल: ज्योतिष के कहने पर सरकारी टीचर ने बदली जन्मतिथि- कोर्ट ने लगाई फटकार

पुलिस ने कहा, तथ्यों के आधार पर होगी कार्रवाई

जिला पुलिस कप्तान सचिन हीरेमठ के अनुसार पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि छात्रा के साथ पहले से किसी प्रकार का विवाद या उत्पीड़न चल रहा था या नहीं। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच जारी है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें