#हादसा
August 16, 2026
पंजाब से चिंतपूर्णी माता मंदिर आए थे जीजा-साला : घर लौटी एक ही देह, सदमे में पूरा परिवार
पंजाब से बाइक पर हिमाचल आए थे जीजा-साला
शेयर करें:

ऊना। विश्व प्रसिद्ध माता श्री चिंतपूर्णी के दर्शन के लिए निकले पंजाब के जीजा-साला की यात्रा रास्ते में दर्दनाक हादसे में बदल गई। ऊना जिले के अंब- चिंतपूर्णी मार्ग पर सिद्ध चलेहड़ के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक सवार 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका जीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। साले की मौत के बाद जीजा गहरे सदमे में है।
मृतक की पहचान हर्ष पुरी निवासी फिरोजपुर, पंजाब के रूप में हुई है। हर्ष अपने जीजा बलकरण के साथ बाइक पर सवार होकर माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर में माथा टेकने जा रहा था। बता दें कि इस हादसे के बाद परिवार में मातम पसर गया है।
जानकारी के अनुसार, हर्ष पुरी और उसका जीजा बलकरण बाइक से अंब-चिंतपूर्णी मार्ग पर जा रहे थे। जब वे बोम्बे पिकनिक स्पॉट से कुछ आगे गांव सिद्ध चलेहड़ के समीप पहुंचे, तभी पीछे या सामने से आए एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद वहां से गुजर रहे लोगों ने दोनों को सड़क पर घायल अवस्था में देखा और तत्काल उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। परिजन दोनों को लेकर चंडीगढ़ के लिए रवाना हुए, लेकिन रास्ते में रोपड़ के पास हर्ष पुरी की तबीयत अचानक बिगड़ गई।
गंभीर चोटों के चलते उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजन हर्ष के शव को वापस क्षेत्रीय अस्पताल ऊना लेकर पहुंचे, जहां पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी की।
DSP अंब अनिल पटियाल ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस थाना अंब में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अब उस वाहन और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है, जिसने बाइक को टक्कर मारी थी। हादसे की कड़ियों को जोड़ने के लिए घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार वाहन चालक की पहचान कर उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उधर, हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। जिस यात्रा पर हर्ष अपने जीजा के साथ माता चिंतपूर्णी के दर्शन के लिए निकला था, वह परिवार के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गई।