कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला से चोरी की ऐसी घटना सामने आई है, जिसे सुन कर आप भी हैरान रह जाएंगे। इतना ही नहीं चोरी की यह घटना चोरों के बुलंद हौंसलों की भी जीती जागती तस्वीर है। कांगड़ा जिला के संसारपुर टैरस में चोर सुबह सवेरे ही एक घर से लाखों के गहने और नगदी चोरी कर फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि जब चोर घर में चोरी कर रहे थे, उस समय घर की महिला जो रिटायर्ड शिक्षिका हैं घर में ही कपड़े धो रही थी। यानी महिला कपड़े धोती रह गई और चोर अंदर अलमारी का लॉकर खोल कर लाखों के गहने और नगदी लेकर फरार हो गए।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में नए नियमों से चलेगी HIMCARE: कई परिवार होंगे बाहर, आदित्य बिड़ला कंपनी संग करार
कदमों की आहट को 'पति' समझ बैठीं शिक्षिका
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना 22 नवंबर की सुबह करीब 8 बजे की है। पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित सेवानिवृत्त शिक्षिका ने बताया कि उस वक्त उनके पति अपनी दुकान पर गए हुए थे और वह घर में कपड़े धो रही थीं। इसी दौरान उन्हें सामने वाले कमरे में किसी के चलने की आहट सुनाई दी। महिला को लगा कि शायद उनके पति दुकान से वापस घर लौट आए हैं, इसलिए उन्होंने इस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: बुझ गया एक घर का चिराग, जीप की जोरदार टक्कर से बाइक सवार युवक की थमी सांसें
पति लौटे तो खुला चोरी का राज
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुछ देर बाद जब महिला के पति सचमुच दुकान से घर लौटे, तो कमरे में अलमारी खुली देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने पत्नी से इस बारे में पूछा और जब दोनों ने अलमारी का लॉकर जांचा, तो अंदर रखा सारा कीमती सामान गायब था। चोर अलमारी से पांच सोने की अंगूठियां, एक टीका, एक नथ, गले की एक चेन, सोने के दो टॉप्स और 20 हजार रुपये नकद चुरा ले गए। चोरी हुए कुल सामान की कीमत करीब 4.20 लाख रुपये आंकी गई है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के इस गांव की जमीन में 200 साल से दफन है खजाना! सरकार से खुदाई की उठाई मांग
पुलिस ने दर्ज किया केस, चोर की तलाश तेज
एसपी देहरा संदीप धवल के कार्यालय से जारी जानकारी के मुताबिक, संसारपुर टैरस पुलिस थाना में अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305 और 331(3) के तहत घर में सेंध लगाने और चोरी करने का मुकदमा दर्ज किया गया है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद इलाके में दहशत है, वहीं पुलिस अब आरोपी की पहचान कर उसे दबोचने के लिए जांच में जुट गई है।
