नूरपुर (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करी के बढ़ते मामलों ने पुलिस और प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस लगातार नशा तस्करों पर शिकंजा कस रही है और आए दिन चिट्टा, हेरोइन व अन्य मादक पदार्थों के साथ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद नशे का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा। ताजा मामला कांगड़ा जिले के नूरपुर से सामने आया है, जहां पुलिस ने एक युवक को पैदल चलते हुए भारी मात्रा में चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि आरोपी किसी को नशे की खेप पहुंचाने जा रहा था। हालांकि पुलिस इस पहलू की भी गहन जांच कर रही है।

गश्त के दौरान पुलिस को मिली बड़ी सफलता

पुलिस जिला नूरपुर की सीआईए टीम क्षेत्र में नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-154 पर कंडवाल स्थित नागनी माता मंदिर बस स्टॉप के समीप एक संदिग्ध युवक को रोक लिया। युवक के हावभाव संदिग्ध लगने पर पुलिस ने नियमानुसार उसकी तलाशी ली।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल के इस सरकारी डिग्री कॉलेज में एक साथ निकले 20 जहरीले सांप, मचा हड़कंप

तलाशी में मिला 10.28 ग्राम चिट्टा

पुलिस की तलाशी के दौरान युवक के कब्जे से 10.28 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। बरामदगी के बाद पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान साहिल, निवासी गांव एवं डाकघर डागला, तहसील इंदौरा, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है।

नशे की सप्लाई की आशंका

प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि आरोपी पैदल ही चिट्टे की खेप लेकर किसी तक पहुंचाने जा रहा था। हालांकि पुलिस अभी इस बात की पुष्टि नहीं कर रही है। जांच का मुख्य फोकस यह पता लगाना है कि आरोपी ने यह नशा कहां से खरीदा, इसे किसे पहुंचाना था और इस पूरे नेटवर्क में उसके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।

 

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार की बड़ी जीत: सुप्रीम कोर्ट का BBMB बकाए पर ऐतिहासिक फैसला, हिमाचल को मिली राहत

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

एएसपी नूरपुर धर्मचंद वर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना नूरपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 61 और 85 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले की हर पहलू से जांच जारी है।

 

यह भी पढ़ें : मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मोदी सरकार के इस मंत्री का जताया आभार, प्रदेश को भेजी है करोड़ों की राशि

नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी

हिमाचल पुलिस का कहना है कि प्रदेश में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार चलाया जा रहा है। पुलिस न केवल तस्करों की गिरफ्तारी कर रही है, बल्कि पूरे नेटवर्क को तोड़ने के लिए सप्लाई चेन तक पहुंचने का प्रयास भी कर रही है। अधिकारियों ने लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं भी नशे के कारोबार की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समाज को इस गंभीर खतरे से बचाया जा सके।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें