#यूटिलिटी
July 31, 2026
हिमाचल के इस सरकारी डिग्री कॉलेज में एक साथ निकले 20 जहरीले सांप, मचा हड़कंप
कॉलेज परिसर में रसेल वाइपर सांप निकलने से मचा हड़कंप
शेयर करें:

धर्मशाला कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में बरसात के मौसम में सांपों का निकलना आम बात मानी जाती है, लेकिन एक ही जगह पर एक साथ 20 जहरीले सांप दिखाई देना किसी को भी हैरान कर सकता है। ऐसा ही चौंकाने वाला मामला कांगड़ा जिले के धर्मशाला स्थित प्रदेश के सबसे पुराने सरकारी डिग्री कॉलेजों में से एक राजकीय स्नातकोत्तर (पीजी) कॉलेज से सामने आया है। कॉलेज परिसर में एक साथ करीब 20 जहरीले रसेल वाइपर (घोणा) सांप मिलने से छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और सभी सांपों को सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ दिया।
घटना शुक्रवार की है जब कॉलेज के कॉमर्स ब्लॉक के समीप स्थित पुराने भवन और फिजिकल एजुकेशन विभाग के पास अचानक सांप दिखाई दिए। देखते ही देखते वहां सांपों का पूरा झुंड नजर आने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत कॉलेज प्रशासन को सूचना दी, जिसके बाद पूरे क्षेत्र को एहतियात के तौर पर खाली करवाया गया।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार की बड़ी जीत: सुप्रीम कोर्ट का BBMB बकाए पर ऐतिहासिक फैसला, हिमाचल को मिली राहत
वन विभाग की रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर सावधानीपूर्वक पूरे क्षेत्र की जांच की। रेस्क्यू के दौरान एक मादा रसेल वाइपर और उसके करीब 19 बच्चे सुरक्षित पकड़े गए। सभी सांपों को बिना किसी नुकसान के उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया। समय रहते कार्रवाई होने से कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।
विशेषज्ञों के अनुसार रसेल वाइपर भारत के सबसे विषैले सांपों में गिना जाता है। इसके काटने पर यदि समय पर इलाज न मिले तो स्थिति गंभीर हो सकती है। इसका जहर शरीर में रक्त के थक्के बनने की प्रक्रिया को प्रभावित करता है और कई महत्वपूर्ण अंगों पर भी असर डाल सकता है। इसलिए इसके काटने की स्थिति में तुरंत अस्पताल पहुंचना बेहद जरूरी होता है।
यह भी पढ़ें : मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मोदी सरकार के इस मंत्री का जताया आभार, प्रदेश को भेजी है करोड़ों की राशि
रेस्क्यू अभियान का नेतृत्व वन विभाग की टीम ने किया। विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि घर, खेत, संस्थान या किसी अन्य स्थान पर सांप दिखाई दे तो घबराएं नहीं और न ही उसे पकड़ने या मारने का प्रयास करें। इसकी सूचना तुरंत वन विभाग या संबंधित अधिकारियों को दें ताकि प्रशिक्षित टीम सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर सके।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: सड़क के बीचों-बीच पड़ी मिली देह, शरीर पर नहीं था एक भी कपड़ा; उठे कई तरह के सवाल
विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून के दौरान बिलों में पानी भर जाने के कारण सांप अक्सर बाहर निकल आते हैं और सुरक्षित स्थानों की तलाश में रिहायशी इलाकों या संस्थानों तक पहुंच जाते हैं। ऐसे मौसम में लोगों को विशेष सतर्क रहने और आसपास की साफ-सफाई बनाए रखने की सलाह दी जाती है।