ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। जहां बाथू क्षेत्र में एक विवाहिता ने फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। महिला का शव घर के कमरे में पंखे से लटका हुआ मिला- जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।

नई दुल्हन ने की आत्महत्या

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू की। इस मामले में मृतका की मां की शिकायत के आधार पर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए पति समेत पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में मुफ्त इलाज का दावा फेल : आयुष्मान कार्ड में घपला, अपनी जेब से पैसे चुका रहे मरीज

दहेज के लिए ससुरालियों ने किया तंग

आरोप है कि दहेज को लेकर विवाहिता को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था और इसी दबाव के चलते उसने यह कदम उठाया। मृतका की पहचान शिवानी ठाकुर के रूप में हुई है- जिसकी शादी ऊना के बाथू निवासी हनी कुमार के साथ 12 नवंबर 2025 को हुई थी।

मां ने पुलिस को बताया सच

शिवानी की मां इंदुबाला- जो भदसाली की रहने वाली हैं ने टाहलीवाल थाना में दर्ज कराई शिकायत में बताया कि शादी के कुछ समय बाद ही उनकी बेटी को दहेज कम लाने के ताने दिए जाने लगे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि पति के साथ-साथ सास, ननद, ननदोई और देवर भी शिवानी को मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान करते थे।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में तेज बारिश : ओलावृष्टि और तूफान का अलर्ट जारी, 6 दिन तक खराब रहेगा मौसम

परेशान रहती थी शिवानी

परिजनों के अनुसार, लगातार हो रही प्रताड़ना से शिवानी काफी तनाव में रहने लगी थी। आरोप है कि 25 अप्रैल को इसी प्रताड़ना से तंग आकर उसने घर में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना ने परिवार को पूरी तरह तोड़कर रख दिया है।

पति समेत 5 के खिलाफ केस दर्ज

शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति सहित पांच लोगों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ BNS के तहत केस दर्ज किया गया है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें: हिमाचल में पंचायत चुनावों की तारीखों का ऐलान- 30 मई तक होगी वोटिंग, आचार संहिता लागू

जांच में जुटी पुलिस

जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रही है, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें