#विविध
April 28, 2026
हिमाचल में पंचायत चुनावों की तारीखों का ऐलान- 30 मई तक होगी वोटिंग, आचार संहिता लागू
50 हजार से अधिक कर्मचारियों की चुनावी ड्यूटी
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनावों का आधिकारिक ऐलान हो गया है, जिसके साथ ही पूरे प्रदेश में सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। राज्य चुनाव आयुक्त अनिल खाची ने जानकारी देते हुए बताया कि चुनाव तीन चरणों में 26, 28 और 30 मई को कराए जाएंगे। चुनाव कार्यक्रम घोषित होते ही प्रदेश भर में आदर्श आचार संहिता लागू कर दी गई है, जिसका पालन सभी के लिए अनिवार्य होगा।

जानकारी के अनुसार, इस बार पंचायत चुनावों में करीब 50.89 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें पुरुष, महिला और अन्य श्रेणी के वोटर शामिल हैं।
चुनावों के जरिए कुल 31,182 जनप्रतिनिधियों का चयन किया जाएगा। इनमें 3,754 पंचायत प्रधान, 3,754 उपप्रधान, 21,654 वार्ड सदस्य, 1,769 पंचायत समिति (BDC) सदस्य और 251 जिला परिषद सदस्य शामिल हैं।
चुनाव प्रक्रिया को लेकर आयोग ने स्पष्ट किया है कि, पंचायत स्तर के पदों यानी प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य की मतगणना मतदान के दिन ही संबंधित पंचायतों में कर दी जाएगी। वहीं, बीडीसी और जिला परिषद सदस्यों की काउंटिंग ब्लॉक स्तर पर 31 मई को होगी।
इन चुनावों को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए 50 हजार से अधिक कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। ग्रामीण क्षेत्रों में चुनाव पारंपरिक बैलेट पेपर के माध्यम से होंगे, जबकि शहरी निकायों में ईवीएम का उपयोग किया जाएगा।
चुनाव खर्च को लेकर भी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। जिला परिषद उम्मीदवार अधिकतम एक लाख रुपये तक खर्च कर सकेंगे और उन्हें चुनाव समाप्ति के एक महीने के भीतर खर्च का पूरा विवरण आयोग को देना होगा।
हालांकि बीडीसी, प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य पदों के लिए खर्च की कोई सीमा निर्धारित नहीं की गई है। आयोग ने जिला निर्वाचन अधिकारियों और उपायुक्तों को आचार संहिता के सख्ती से पालन के निर्देश दिए हैं। इसके तहत अब सरकार नई योजनाओं की घोषणा, भर्तियां, तबादले, टेंडर या उद्घाटन जैसे फैसले नहीं ले सकेगी।
गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिए थे कि, पंचायत चुनाव 31 मई से पहले कराए जाएं। जिसके चलते चुनाव आयोग तय समय सीमा के भीतर पूरी प्रक्रिया पूरी करने में जुटा है। इसके समानांतर शहरी निकाय चुनाव भी मई में प्रस्तावित हैं, जिससे प्रदेश में चुनावी माहौल पूरी तरह गरमा गया है।