सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में पारिवारिक विवाद के दौरान एक महिला पर उसके बेटे द्वारा हमला करने का मामला सामने आया है। पांवटा साहिब उपमंडल के क्यारदा गांव में हुई इस घटना में 58 वर्षीय महिला घायल हो गई।
बेटे ने मां पर किया हमला
महिला ने आरोप लगाया है कि उसके बेटे ने लोहे के दराट से उसके सिर पर वार किया और बाद में जान से मारने की धमकी भी दी। माजरा पुलिस के अनुसार, क्यारदा निवासी 58 वर्षीय मजिदा पत्नी जमील ने शिकायत दर्ज करवाई है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल पुलिस बैंड प्रभारी पर FIR, लंदन जाने के लिए स्पॉन्सरशिप मांगने के आरोप- जांच जारी
पुलिस थाने पहुंची मां
महिला ने पुलिस को बताया कि उसके दो बेटे और दो बेटियां हैं तथा सभी विवाहित हैं। उसका बेटा अकरम अपनी पत्नी अनिशा के साथ उसी मकान के अलग कमरों में रहता है। वहीं, उसकी छोटी बेटी मशरुफा अपने बेटे तनवीर के साथ उसके साथ रहती है।
बरामदे में बैठे थे मां-बेटी
शिकायत के मुताबिक, घटना के समय मजिदा अपनी बेटी मशरुफा और नाती तनवीर के साथ घर के बरामदे में बैठी थी। इसी दौरान उसका बेटा अकरम अपनी पत्नी अनिशा और अनिशा के भाई के साथ वहां पहुंचा। महिला का आरोप है कि वहां पहुंचते ही तीनों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में बेकाबू बस का कहर- कई कारों को टक्कर मार बाइक सवार को कुचला, युवक की मौ**त
लोहे के दराट से..
इसी दौरान अकरम के हाथ में लोहे का दराट होने की बात कही गई है। आरोप है कि उसने दराट से महिला के सिर पर वार किया, जिससे उसे चोट लगी। महिला के अनुसार, हमले के बाद उसके सिर से खून निकलने लगा।
नाती से भी मारपीट का आरोप
महिला ने पुलिस को दिए बयान में यह भी आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान उसकी बहू अनिशा ने उसके नाती तनवीर को लात मारी। घटना के बाद आरोपी मौके से चले गए। महिला ने आरोप लगाया कि जाते समय उसे जान से मारने की धमकियां भी दी गईं।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में बादल फटने से मची तबाही- सैलाब में बहा पुल; मंदिर जा रहे 50 श्रद्धालु रास्ते में फंसे
घटना के बाद महिला ने मामले की शिकायत माजरा पुलिस के पास दर्ज करवाई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और अब पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस मामले में शिकायतकर्ता के बयान और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। साथ ही मारपीट के कारणों और घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों की भूमिका को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है। मामले की पुष्टि SP सिरमौर निश्चित सिंह ने की है।
