हमीरपुर। देवभूमि कहे जाने वाले हिमाचल प्रदेश में असंख्य मंदिर हैं, जहां लोगों की गहरी आस्था जुड़ी हुई है। इन धार्मिक स्थलों को लोग केवल पूजा का स्थान ही नहीं, बल्कि अपनी आस्था और विश्वास का केंद्र मानते हैं। लेकिन कुछ शरारती तत्व ऐसी हरकतों को अंजाम दे देते हैं, जिससे लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं। ऐसा ही मामला हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के गृह जिला हमीरपुर से सामने आया है। भोरंज उपमंडल के बालोड़ गांव में स्थित शिव मंदिर में अज्ञात लोगों ने तोड़फोड़ कर दी। आरोप है कि शरारती तत्वों ने मंदिर परिसर को नुकसान पहुंचाने के साथ वहां स्थापित माता की मूर्ति और शिवलिंग को भी खंडित कर दिया।

मंदिर के अंदर बिखरा मिला सामान

घटना का पता चलने के बाद जब स्थानीय लोग मंदिर पहुंचे तो अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। मंदिर के भीतर रखा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था और परिसर में तोड़फोड़ के निशान दिखाई दे रहे थे। मंदिर में लगी टाइलों को भी नुकसान पहुंचाया गया है। सबसे ज्यादा चिंता की बात यह रही कि मंदिर में स्थापित माता की मूर्ति और शिवलिंग को भी खंडित किया गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मंदिर के अंदर बिखरा सामान और तोड़फोड़ की स्थिति स्पष्ट दिखाई दे रही है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में फटा बादल: 400 मीटर सड़क का मिट गया नामोनिशान, आज ऑरेंज अलर्ट पर हैं कई जिला

आस्था के केंद्र में हुई घटना से लोगों में रोष

मंदिर में तोड़फोड़ की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश पैदा हो गया। भगवान के प्रति गहरी आस्था रखने वाले लोगों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपियों की जल्द पहचान करने और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि धार्मिक स्थल में इस तरह की घटना को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। लोगों ने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द आरोपियों तक पहुंचने की मांग उठाई है।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

मंदिर में तोड़फोड़ की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और मंदिर परिसर में मिले साक्ष्यों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के क्षेत्र में मौजूद संभावित साक्ष्यों और अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है, ताकि वारदात को अंजाम देने वालों तक पहुंचा जा सके।

 

यह भी पढ़ें : BJP विधायक सुधीर शर्मा की विजिलेंस पेशी आज- शहर में बढ़ाई गई सुरक्षा, चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात

चोरी के इरादे की भी पुलिस कर रही जांच

प्रारंभिक तौर पर यह आशंका भी जताई जा रही है कि मंदिर में तोड़फोड़ चोरी के इरादे से की गई हो सकती है। हालांकि अभी तक मंदिर से किसी सामान के चोरी होने की पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि वारदात के पीछे केवल तोड़फोड़ का मकसद था या आरोपी किसी अन्य उद्देश्य से मंदिर में दाखिल हुए थे।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : मासूम की हालत खराब, बेबस पिता की जेब खाली- इलाज के लिए चाहिए 10 लाख

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस इस बात का पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मंदिर में तोड़फोड़ किसने और किस उद्देश्य से की। आसपास के लोगों से पूछताछ के अलावा घटना से जुड़े अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस इस संभावना पर भी जांच कर रही है कि वारदात के समय मंदिर के आसपास कौन-कौन लोग मौजूद थे। मामले में आरोपियों की पहचान होने के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो पाएगी।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में कलयुगी बेटे ने मां पर चलाया दरा*ट, बहू ने भी नहीं छोड़ी कोई कसर- किया बुरा हाल

एसपी हमीरपुर ने कही जांच की बात

एसपी हमीरपुर बलबीर सिंह ने बताया कि मंदिर में तोड़फोड़ की शिकायत पुलिस को मिली है। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। पुलिस का प्रयास है कि घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर उठे सवाल

हमीरपुर के इस मामले ने एक बार फिर धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हिमाचल प्रदेश में बड़ी संख्या में छोटे-बड़े मंदिर गांवों और दूरदराज के क्षेत्रों में स्थित हैं, जहां लोगों की गहरी आस्था जुड़ी हुई है। ऐसे में मंदिरों में होने वाली तोड़फोड़ की घटनाएं केवल संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचातीं, बल्कि श्रद्धालुओं की भावनाओं को भी गहरी ठेस पहुंचाती हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और ऐसी घटनाओं पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें