हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले से शादी के नाम पर ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक को सुनियोजित तरीके से जाल में फंसाकर फर्जी दस्तावेजों के सहारे विवाह करवाया गया।
हिमाचल में मैरिज फ्रॉड का मामला
जानकारी के अनुसार, गलोड़ क्षेत्र के गांव फंगसाणा के मनीष कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जनवरी 2026 में उसे शादी करवाने के बहाने अमृतसर ले जाया गया। युवक का आरोप है कि गांव गंढोली निवासी नीलम कुमारी, उसकी रिश्तेदार पूनम निवासी धनेटा और पूनम के पति रिंकू ने मिलकर यह पूरा जाल बिछाया।
यह भी पढ़ें- 'नहीं मिली सैलेरी'- आज सुबह 10 बजे से HRTC बसों की हड़ताल, सुक्खू सरकार के खिलाफ नाराजगी
फर्जी निकली पंजाबी दुल्हन
शिकायतकर्ता के अनुसार अमृतसर में उसका रिश्ता शीतल राजपूत नाम की महिला से करवाया गया। शुरुआत में सब कुछ सामान्य दिखाया गया। मगर विवाह के बाद उसे कई बातों पर शक होने लगा। मनीष कुमार का कहना है कि बाद में उसे पता चला कि पूरे मामले में फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल किया गया था और उसे गलत जानकारी देकर गुमराह किया गया।
नकली आधार कार्ड दिखा रचाई शादी
युवक ने आरोप लगाया कि विवाह प्रक्रिया के दौरान फर्जी आधार कार्ड तक का प्रयोग किया गया। जब उसने इस पर सवाल उठाने शुरू किए तो कथित आरोपियों ने उसे और उसके परिवार को डराना-धमकाना शुरू कर दिया। शिकायत में मारपीट और मानसिक प्रताड़ना के आरोप भी लगाए गए हैं।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में वृद्धावस्था पेंशन घोटाले पर बड़ा एक्शन: FIR दर्ज, अफसरों समेत 44 पर बैठी जांच
युवके के पास कई सबूत
मनीष कुमार का दावा है कि उसके पास मामले से जुड़े ऑडियो रिकॉर्डिंग और अन्य डिजिटल सबूत भी मौजूद हैं- जो कथित ठगी और साजिश को साबित कर सकते हैं। पीड़ित युवक ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पूरे गिरोह का होगा भंडाफोड़
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और अब पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं यह शादी के नाम पर लोगों को ठगने वाला कोई संगठित गिरोह तो नहीं है। पुलिस डिजिटल साक्ष्यों और दस्तावेजों की जांच में जुट गई है।
