कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। रामशिला क्षेत्र में एक व्यक्ति का शव उसके ही किराए के मकान में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है।
घर में मृत मिला व्यक्ति
इस घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। बताया जा रहा है कि व्यक्ति पिछले कुछ समय से अपने परिवार के साथ कुल्लू में रह रहा था। व्यक्ति की मौत के बाद उसकी पत्नी और बच्चे गहरे सदमे में हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में कैबिनेट रैंक खत्म: प्रियंका के 'करीबी' से लेकर CM के 'मित्रों' का कद हुआ कम- जानें लिस्ट
किराए में मकान में रहता था
मृतक बिहार के बेगूसराय का रहने वाला था। मृतक की पहचान राजकुमार पुत्र राम उदगार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने परिवार के साथ रामशिला में किराए के मकान में रहता था।
घर पर था अकेला
घटना के समय घर में वह अकेला था, जबकि उसकी पत्नी और बच्चे लंका बेकर क्षेत्र में अपने बेटे के पास गए हुए थे। मंगलवार दोपहर राजकुमार का एक परिचित जब उससे मिलने उसके घर पहुंचा, तो उसने दरवाजा खटखटाया, लेकिन भीतर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली
यह भी पढ़ें : हिमाचल की 'मोमबत्ती' के बेटा-बहू चिट्टे संग गिरफ्तार : 3 दिन पहले ही की थी लव मैरिज
बंद दरवाजा बना अनहोनी का संकेत
कई बार आवाज लगाने के बावजूद जब सन्नाटा ही रहा, तो उसे अनहोनी की आशंका हुई। उसने तुरंत परिजनों को सूचना दी। कुछ ही देर में परिवार के सदस्य मौके पर पहुंच गए। दरवाजा अंदर से बंद था, जिससे चिंता और गहरा गई।
पत्नी ने दिखाई हिम्मत
ऐसे में मृतक की पत्नी ने हिम्मत दिखाते हुए दरवाजे के ऊपर बने वेंटिलेटर की जाली को काटा और किसी तरह कमरे के अंदर पहुंची। जैसे ही वह भीतर दाखिल हुई, सामने का दृश्य बेहद भयावह था।
यह भी पढ़ें : ब्रेकिंग : CM सुक्खू का बड़ा फैसला, सरकारी कर्मचारियों के लिए ड्रेस-कोड किया लागू
कमरे में लटका मिला व्यक्ति
राजकुमार दूसरे कमरे के चौखट से दुपट्टे के सहारे लटका हुआ मिला। यह देख पत्नी और अन्य परिजनों के होश उड़ गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर इकट्ठा हो गए। पूरे इलाके में कुछ ही देर में मातम जैसा माहौल बन गया।
बारीकी से जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव चौहान ने टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और फोरेंसिक पहलुओं को ध्यान में रखते हुए हर एंगल से जांच शुरू की गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस के हत्थे चढ़े तीन युवक, राजस्थान से आए थे चरस की डील करने- पहुंचे जेल
जांच में क्या पाया गया?
प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि मृतक के गले पर फंदे के निशान के अलावा शरीर पर किसी प्रकार की बाहरी चोट या संघर्ष के संकेत नहीं हैं। कमरे की स्थिति भी सामान्य पाई गई, जिससे किसी जबरन घुसपैठ या झगड़े की संभावना फिलहाल नजर नहीं आ रही।
क्या बोले मृतक के परिजन?
परिजनों, विशेषकर पत्नी और बच्चों ने भी किसी पर शक जाहिर नहीं किया है। पुलिस ने एहतियातन पूरे घटनास्थल की वीडियो रिकॉर्डिंग और फोटोग्राफी करवाई है, ताकि आगे की तकनीकी जांच में कोई कड़ी छूट न जाए।
यह भी पढ़ें : विपक्ष ने CM सुक्खू को बताया 'झूठा', नोटिस देने के लिए कसी कमर- जानें पूरा मामला
पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी आगे की जांच
एसपी कुल्लू मदन लाल कौशल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों पर स्थिति साफ हो पाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।
इलाके में शोक और सवाल
इस घटना के बाद रामशिला क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग इस बात से स्तब्ध हैं कि आखिर ऐसा क्या हुआ, जिसने एक व्यक्ति को इतना बड़ा कदम उठाने पर मजबूर कर दिया। हालांकि, इन सवालों के जवाब फिलहाल जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ पाएंगे।
