कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत कुल्लू जिला की मणिकर्ण घाटी में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए दो युवकों को चरस और नकदी के साथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस को मिली बड़ी सफलता

जानकारी के अनुसार, जरी पुलिस चौकी की टीम नियमित गश्त, नाकेबंदी और वाहनों की जांच में जुटी हुई थी। इसी दौरान डुंखरा चौक पर पुलिस कर्मी आने-जाने वाले वाहनों की निगरानी कर रहे थे। तभी मणिकर्ण की ओर से एक स्कूटी वहां पहुंची, जिस पर दो युवक सवार थे।

यह भी पढ़ें : मिसेज CM नहीं करा पाईं सहमित, देहरा में अध्यक्ष पद पर बहुमत के बाद भी बुरी फंसी कांग्रेस

दो युवकों की ली तलाशी

पुलिस ने संदेह के आधार पर स्कूटी को रोककर जांच शुरू की। जांच के दौरान दोनों युवकों की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हुईं, जिसके बाद पुलिस ने उनकी गहन तलाशी ली।

चरस और कैश बरामद

तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 202 ग्राम चरस बरामद हुई। इसके अलावा 41 हजार रुपये नकद भी मिले, जिन्हें प्रारंभिक जांच में नशे के कारोबार से जुड़ी रकम माना जा रहा है। बरामदगी के बाद पुलिस ने मौके पर ही दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया।

यह भी पढ़ें- हिमाचल: रात को हेयर ड्रेसर ने कमरे में लगाया फं*दा- रूम पार्टनर को सुबह लगी खबर

आरोपियों की पहचान

पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी मुंबई के रहने वाले हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान-

  • विक्की चौहान (20)
  • किशन राज चौहान (28)

यह भी पढ़ें- हिमाचल की बड़ी जीत- मोदी सरकार ने मानी CM की शर्तें, अब 600 करोड़ का होगा फायदा

दोनों के खिलाफ मामला दर्ज

पुलिस ने दोनों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने चरस कहां से प्राप्त की थी और इसकी आपूर्ति किसे की जानी थी।

 

नेटवर्क खंगाल रही पुलिस

जांच का दायरा बढ़ाते हुए पुलिस उनके संपर्कों, आवाजाही और संभावित नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही है। बरामद नकदी के स्रोत की भी जांच की जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि रकम किसी अवैध गतिविधि से जुड़ी है या नहीं।

यह भी पढ़ें- शिमला में महाजाम : रोजाना पहुंच रही 40 हजार गाड़ियां, रेंग-रेंगकर चल रहा ट्रैफिक

नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई जारी

SP कुल्लू मदन लाल ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि नशा तस्करों और अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है और भविष्य में भी इस तरह की विशेष चेकिंग और नाकेबंदी जारी रहेगी।

लोगों से पुलिस की अपील

उन्होंने लोगों से भी अपील की कि यदि उन्हें कहीं नशे के कारोबार की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें ताकि समाज को इस बुराई से बचाया जा सके। वहीं, इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में नशा तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है, जबकि स्थानीय लोगों ने पुलिस की मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें