कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा क्षेत्र के खोली गांव में मंगलवार तड़के एक बेहद गंभीर और चिंताजनक मामला सामने आया। वार्ड नंबर 7 में एक मकान के पीछे झाड़ियों के बीच एक नवजात शिशु लावारिस हालत में मिला। जिसने उपचार के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया।
झाड़ियों में पड़ा मिला नवजात
बताया जा रहा है कि सुबह करीब चार बजे स्थानीय लोगों ने झाड़ियों की ओर से बच्चे के रोने की आवाज सुनी। आवाज सुनकर जब आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो वहां एक नवजात बच्चा पड़ा हुआ था। बच्चे के शरीर पर कपड़े तक नहीं थे।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में खुल रहे नए राशन डिपो : जानिए, कब तक- कौन कर सकता है आवेदन
गांववालों ने पुलिस को दी खबर
स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पंचायत प्रधान कुलवंत चौधरी को दी। सूचना मिलते ही पंचायत प्रधान मौके पर पहुंचे और नवजात को अपने कब्जे में लेकर कपड़े में लपेटा। इसके बाद उन्होंने घटना की जानकारी कांगड़ा पुलिस को दी। पुलिस को सूचना मिलने के बाद बच्चे को तत्काल उपचार के लिए टांडा अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में तोड़ा दम
झाड़ियों में मिलने के समय नवजात की हालत गंभीर बताई गई। उसे बिना देरी किए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया। डॉक्टरों की ओर से बच्चे को बचाने के प्रयास किए गए, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हो सका। इलाज के दौरान नवजात ने दम तोड़ दिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में मजदूर के बेटे ने बनाया ड्रोन : डिफेंस मिनिस्ट्री से मिला साढे़ 3 करोड़ का प्रोजेक्ट
झाड़ियों में किसने फेंका मासूम?
बच्चे की मौत के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। पुलिस के अनुसार नवजात का पोस्टमार्टम भी करवाया गया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और स्थानीय लोग इस बात को लेकर चिंतित हैं कि आखिर नवजात को इस तरह झाड़ियों में किसने और किन परिस्थितियों में छोड़ा।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
मामले की गंभीरता को देखते हुए कांगड़ा पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने BNS की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। अब जांच का मुख्य उद्देश्य नवजात के माता-पिता या उसे झाड़ियों में छोड़ने वाले व्यक्ति अथवा व्यक्तियों की पहचान करना है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में दर्जी बन देश विरोधी काम कर रहा था युवक, केंद्रीय एजेंसी ने किया गिरफ्तार
कलयुगी मां की तलाश जारी
DSP राजेश कुमार के अनुसार, पुलिस बच्चे को छोड़ने वाले लोगों तक पहुंचने के लिए आसपास के क्षेत्र में जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हाल के दिनों में इलाके में किन महिलाओं ने बच्चे को जन्म दिया है और किन परिवारों में हाल ही में नवजात का जन्म हुआ है।
आंगनबाड़ी केंद्रों से जुटाया जा रहा रिकॉर्ड
जांच को आगे बढ़ाने के लिए पुलिस आसपास के आंगनबाड़ी केंद्रों से भी जानकारी जुटा रही है। क्षेत्र में हाल ही में गर्भवती रही महिलाओं और पिछले 24 घंटों के दौरान हुए प्रसव से संबंधित रिकॉर्ड की जानकारी ली जा रही है। पुलिस इन रिकॉर्ड के जरिए ऐसे परिवारों और महिलाओं की पहचान करने का प्रयास कर रही है, जिनसे इस नवजात का संबंध हो सकता है।
यह भी पढ़ें- सुक्खू सरकार का बड़ा तोहफा : विधवाओं के बच्चों को हर महीने मिलेगी 1 हजार रुपये पॉकेट मनी
गहनता से जांच कर रही पुलिस
इसके अलावा पुलिस घटनास्थल और उसके आसपास की परिस्थितियों की भी जांच कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि नवजात को झाड़ियों तक किस तरह लाया गया और उसे वहां कब छोड़ा गया। पुलिस की जांच आगे बढ़ने के साथ ही बच्चे को वहां छोड़ने वाले व्यक्ति या व्यक्तियों के बारे में सुराग मिलने की उम्मीद है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार
नवजात की मौत के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करवाई है। अब जांच में पोस्टमार्टम से सामने आने वाली जानकारी भी महत्वपूर्ण हो सकती है। पुलिस सभी उपलब्ध तथ्यों को जोड़कर मामले की कड़ियां तलाश रही है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : 15 गाड़ियां, होम-स्टे, 2 बड़े घर- चिट्टा तस्करी कर बनाई 4 करोड़ की संपत्ति जब्त
गांववालों में काफी आक्रोश
फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता नवजात की पहचान और उसे झाड़ियों में छोड़ने वालों का पता लगाना है। घटना के बाद खोली गांव और आसपास के क्षेत्र में लोगों के बीच भी इस मामले को लेकर चिंता बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद लोगों में काफी आक्रोश है।
