#अपराध
September 22, 2026
हिमाचल में दर्जी बन देशी विरोधी काम कर रहा था युवक, केंद्रीय एजेंसी ने किया गिरफ्तार
युवक के सोशल मीडिया अकाउंट खंगाल रही टीमें
शेयर करें:

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर में एक व्यक्ति की सोशल मीडिया गतिविधियों को लेकर पुलिस ने जांच शुरू की है। केंद्रीय जांच एजेंसी से मिले इनपुट के बाद सदर थाना पुलिस ने शहर में रह रहे एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है।
बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर कथित तौर पर देश विरोधी सामग्री साझा किए जाने की सूचना के बाद यह कार्रवाई की गई है। हालांकि, अभी तक किसी आतंकी या देश विरोधी गतिविधि से व्यक्ति के सीधे तौर पर जुड़े होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मामले में पुलिस अब उसके सोशल मीडिया अकाउंट, ऑनलाइन गतिविधियों और संपर्कों की जांच कर रही है। केंद्रीय एजेंसी की टीम भी हमीरपुर पहुंचकर उससे पूछताछ कर सकती है।
जानकारी के अनुसार केंद्रीय जांच एजेंसी ने 17 सितंबर को हमीरपुर पुलिस को एक शिकायत पत्र भेजा था। इसमें संबंधित व्यक्ति की गतिविधियों की विस्तृत जांच करने के निर्देश दिए गए थे।
इनपुट में सोशल मीडिया पर सक्रिय कुछ लोगों के कथित संपर्कों और गतिविधियों का भी जिक्र था। पुलिस से यह पता लगाने को कहा गया कि हिरासत में लिए गए व्यक्ति के संपर्क किन लोगों से हैं और क्या उसका किसी संदिग्ध नेटवर्क से कोई संबंध है।
इनपुट मिलने के बाद पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू की और 21 सितंबर को सदर थाना हमीरपुर में केस दर्ज किया गया। इसके बाद सोमवार शाम संबंधित व्यक्ति को हिरासत में लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, हिरासत में लिया गया व्यक्ति हमीरपुर शहर में दर्जी का काम करता है। वह करीब छह महीने से यहां रह रहा था। बताया जा रहा है कि वह मूल रूप से हिमाचल प्रदेश से बाहर के किसी राज्य का रहने वाला है।
अब पुलिस उसके सोशल मीडिया अकाउंट और ऑनलाइन गतिविधियों को खंगाल रही है। इसके साथ ही वह किन लोगों के संपर्क में था और यहां रहने के दौरान उसका नेटवर्क किस तरह का था, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।
मामले में केंद्रीय जांच एजेंसी की भूमिका भी अहम है। बताया जा रहा है कि एजेंसी की टीम मंगलवार को हमीरपुर पहुंच सकती है। टीम हिरासत में लिए गए व्यक्ति से पूछताछ करने के साथ उसके सोशल मीडिया संपर्कों और गतिविधियों से जुड़ी जानकारी जुटा सकती है।
फिलहाल पुलिस ने हिरासत में लिए गए व्यक्ति की पहचान सार्वजनिक नहीं की है। साथ ही उसके किसी आतंकी संगठन या देश विरोधी गतिविधि से सीधे जुड़े होने की पुष्टि भी नहीं हुई है। व्यक्ति के संपर्कों का किसी संदिग्ध नेटवर्क से कोई संबंध है या नहीं। फिलहाल मामला जांच के स्तर पर है और पुलिस सभी पहलुओं को खंगाल रही है।