कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला स्थित ज्वालामुखी क्षेत्र में सोमवार देर शाम एक दर्दनाक हिट एंड रन हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। अंब-पठियार बाईपास पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने 22 वर्षीय युवती को कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि युवती की मौके पर ही मौत हो गई।हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। वहीं सड़क पर प्रेमी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

प्रेमी के साथ पंजाब से शादी करने आई थी युवती

मृतक युवती की पहचान सिमरनजीत कौर निवासी पंजाब के रूप में हुई है। युवती के साथ मौजूद युवक ने पुलिस को बताया कि दोनों घर से भागकर ज्वालामुखी आए थे। बताया जा रहा है कि दोनों पहले चिंतपूर्णी मंदिर गए और वहां दर्शन करने के बाद ज्वालामुखी पहुंचे थे। यहां माता ज्वालाजी के दर्शन करने के बाद दोनों शहर की एक धर्मशाला में ठहरे हुए थे।

 

यह भी पढ़ें : नशे के खिलाफ सुक्खू सरकार का सबसे बड़ा फैसला- अब सरकारी नौकरी से पहले होगा चिट्टा टेस्ट

टहलते समय हुआ दर्दनाक हादसा

युवक के अनुसार शाम के समय दोनों ज्वालाजी-नादौन रोड की ओर पैदल घूमने निकले थे। इसी दौरान अंब बाईपास पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सिमरनजीत को जोरदार टक्कर मार दी।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में स्मार्ट मीटर की आरती उतारकर जताया विरोध: बंद पड़ी दुकान का आया 22 हजार बिल, विभाग मौन

 

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवती वाहन के टायरों के नीचे आ गई, जिससे उसका सिर बुरी तरह कुचल गया और दोनों टांगें भी टूट गईं। सड़क पर चारों ओर खून फैल गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

शव के पास बैठकर रोता रहा प्रेमी

हादसे के बाद युवती का प्रेमी बदहवास हालत में सड़क पर शव के पास बैठकर रोता रहा। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर शव को चादर से ढका और पुलिस को सूचना दी। घटना के बाद इलाके में मातम और गुस्से का माहौल देखने को मिला।

पुलिस की देरी पर लोगों में नाराजगी

स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। लोगों का आरोप है कि सूचना देने के करीब आधे घंटे बाद तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची, जिसके चलते युवती का शव सड़क पर ही पड़ा रहा। हालांकि 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंच गई थी, लेकिन पुलिस की अनुपस्थिति में शव को उठाया नहीं जा सका। बाद में ट्रैफिक पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और कार्रवाई शुरू हुई।

 

यह भी पढ़ें : शादी में बाराती बन गया था पुलिस कांस्टेबल, अचानक थम गई सांसें; दो मासूम बेटियों का था पिता

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

एसपी देहरा मयंक चौधरी ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए देहरा अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार वाहन और चालक की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि दोषी को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें