सोलन। हिमाचल के जिला सोलन स्थित नालागढ़ में चोरों ने जालपा माता मंदिर को निशाना बनाकर माता के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। महुआ स्थित मंदिर के कार्यालय और स्टोर रूम के ताले तोड़कर चोर अलमारी में रखे सोने-चांदी के छतर, मुकुट और अन्य आभूषण लेकर फरार हो गए। चोरों ने वारदात के निशान मिटाने के लिए मंदिर में लगे कैमरे की DVR भी उखाड़ ली।
स्टोर रूम का ताला तोड़ा
घटना का पता रविवार दोपहर बाद उस समय चला, जब लोगों ने मंदिर कार्यालय और स्टोर रूम के ताले टूटे देखे। अंदर जाकर जांच करने पर अलमारी खुली मिली और उसमें रखे माता के आभूषण गायब थे।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में गांजा तस्कर की 1.97 करोड़ की संपत्ति फ्रीज : जमीन, मकान और Scorpio-N शामिल
4 तोले के आभूषण और 300 ग्राम चांदी चोरी
मंदिर कमेटी के अनुसार चोर करीब 4 तोले के सोने-चांदी के छतर और मुकुट के अलावा लगभग 300 ग्राम चांदी के अन्य आभूषण चोरी करके ले गए हैं।
मंदिर के पास ही कार्यालय बना हुआ है और इसी कार्यालय के भीतर स्टोर रूम में माता के आभूषण सुरक्षित रखे जाते थे। चोरों ने पहले कार्यालय का ताला तोड़ा, इसके बाद स्टोर रूम और अलमारी को निशाना बनाया।
CCTV भी ले गए साथ
वारदात के दौरान चोर मंदिर परिसर में लगे कैमरे की DVR भी अपने साथ ले गए, जिससे उनकी पहचान करना पुलिस के लिए चुनौती हो सकती है। मंदिर कमेटी के प्रधान प्रेम लाल भारद्वाज ने बताया कि इससे पहले भी मंदिर के दानपात्र को चोरी करने का प्रयास हो चुका है।
यह भी पढ़ें- भोलेनाथ के दर्शन को निकले थे 5 श्रद्धालु, चूड़धार के जंगलों में लापता- रात भर नहीं मिला सुराग
पहले भी दानपात्र चोरी करने की कोशिश
इसी वजह से माता के सोने-चांदी के आभूषणों को स्टोर रूम की अलमारी में सुरक्षित रखा जाता था। उन्होंने बताया कि इन आभूषणों का इस्तेमाल मुख्य रूप से नवरात्रों के दौरान माता के श्रृंगार के लिए किया जाता था।
पुलिस ने शुरू की जांच
मंदिर कमेटी की ओर से चोरी की शिकायत थाना नालागढ़ में दर्ज करवाई गई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चोर मंदिर में किस रास्ते से दाखिल हुए और वारदात में कितने लोग शामिल थे।
