#अपराध

September 14, 2026

हिमाचल में गांजा तस्कर की 1.97 करोड़ की संपत्ति फ्रीज : जमीन, मकान और Scorpio-N शामिल

आरोपी की मां पर भी दर्ज है नशा तस्करी का मामला

शेयर करें:

drug smuggling baddi police propery freeze ganja smugglers solan himachal

सोलन। हिमाचल के बद्दी में पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई को अब तस्करों की कमाई तक पहुंचा दिया है। 10 किलो से ज्यादा गांजा बरामदगी के मामले में आरोपी राहुल गुप्ता और उसके परिवार से जुड़ी करीब 1.97 करोड़ रुपये की संपत्ति फ्रीज की गई है। कार्रवाई में जमीन, तीन मंजिला मकान, महंगी SUV और बैंक खातों में जमा रकम शामिल है।

गांजा तस्कर की संपत्ति फ्रीज

पुलिस के मुताबिक राहुल गुप्ता पुत्र संतोष शाह, मूल रूप से बिहार के सारण जिले का रहने वाला है और वर्तमान में बद्दी में रहता है। उसके कब्जे से पुलिस ने 10.330 किलोग्राम गांजा बरामद किया था। जांच आगे बढ़ी तो पुलिस ने नशे के कारोबार से कथित तौर पर अर्जित संपत्तियों की भी पड़ताल शुरू की।

यह भी पढ़ें- हिमाचल की बिटिया ने बढ़ाया मान- सेना में मेजर बनीं आंचल, वर्दी पर सितारे देख मां-बाप भावुक

जमीन और तीन मंजिला मकान भी कार्रवाई के घेरे में

जांच के दौरान बद्दी की लक्ष्मी नारायण कॉलोनी, वार्ड नंबर-7 में स्थित 6 बिस्वा जमीन और उस पर बने तीन मंजिला भवन को कार्रवाई के दायरे में लिया गया। पुलिस के अनुसार इनकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 71 लाख 64 हजार 271 रुपये है।

 

नशा तस्कर की 1.97 करोड़ की संपत्ति फ्रीज, काली कमाई से क्या क्या खरीदा था?

जमीन, मकान और Scorpio-N शामिल

इसके अलावा आरोपी से जुड़े Scorpio-N वाहन, जिसकी कीमत करीब 24 लाख 69 हजार 725 रुपये आंकी गई है, को भी फ्रीज किया गया है। अलग-अलग बैंक खातों में जमा करीब 1 लाख 42 हजार 251 रुपये की राशि पर भी कार्रवाई की गई।

यह भी पढ़ें- भोलेनाथ के दर्शन को निकले थे 5 श्रद्धालु, चूड़धार के जंगलों में लापता- रात भर नहीं मिला सुराग

1.97 करोड़ की संपत्ति फ्रीज

इस तरह पुलिस के अनुसार कुल करीब 1 करोड़ 97 लाख 76 हजार रुपये की संपत्ति फ्रीज की गई है। सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक, नई दिल्ली की ओर से भी संपत्तियों की फ्रीजिंग की पुष्टि की गई है।

 

आरोपी की मां पर भी दर्ज है नशे का मामला

जांच के दौरान आरोपी के परिवार से जुड़ी एक और जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार राहुल गुप्ता की मां रिंकू देवी के खिलाफ भी नशे के कारोबार से संबंधित मामला दर्ज हो चुका है। वर्ष 2022 में बद्दी पुलिस ने रिंकू देवी के कब्जे से 824 ग्राम गांजा और अवैध देशी शराब बरामद की थी। इस मामले में थाना बद्दी में आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया था।

यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर से नंगे पांव मणिमहेश यात्रा पर निकले भक्त : कई KM पैदल चल करेंगे दर्शन

अब नशे की कमाई पर चोट करेगी पुलिस

डीएसपी बद्दी योगराज चंदेल ने कहा कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार तेज किया जा रहा है। पुलिस अब केवल नशे की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भी पता लगाया जा रहा है कि नशे के अवैध कारोबार से कितनी संपत्ति अर्जित की गई है।

आगे की कार्रवाई में जुटी पुलिस

उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार से जुड़ी अवैध संपत्तियों की पहचान कर कानून के मुताबिक उन्हें फ्रीज और जब्त करने की कार्रवाई जारी रहेगी। SP बद्दी विनोद धीमान ने भी स्पष्ट किया है कि नशा तस्करों और नशे के कारोबार से अर्जित अवैध संपत्ति के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस का मानना है कि इस तरह की कार्रवाई से नशे के नेटवर्क की आर्थिक कमर तोड़ने में मदद मिलेगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख