नाहन। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले से एक बेहद सनसनीखेज और कानून व्यवस्था को ठेंगे पर रखने वाला मामला सामने आया है। यहाa ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने पर जब एक मुस्तैद पुलिसकर्मी ने स्कूटी का चालान काटा, तो आरोपी इस कदर भड़क गए कि उन्होंने सरेराह खाकी पर ही हमला बोल दिया।
इस मामले में पति-पत्नी और एक नाबालिग ने न केवल ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी के साथ बदसलूकी और धक्का-मुक्की की, बल्कि कानून का खौफ भूलकर उसे सरेआम थप्पड़ तक जड़ दिए। हालांकि, अब खाकी से उलझना इन आरोपियों को भारी पड़ गया है और पीड़ित पुलिसकर्मी की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
बिना हेलमेट-लाइसेंस के घूम रहा था नाबालिग
यह पूरा हाई-वोल्टेज ड्रामा पांवटा साहिब उपमंडल के तहत आने वाले रामपुरघाट चौक पर देखने को मिला। शनिवार शाम (13 जून) को मुख्य आरक्षी प्रदीप कुमार पुलिस बूथ रामपुरघाट पर यातायात चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एक स्कूटी (HP 17H 1248) को आते देखा, जिसे एक नाबालिग लड़का (मोहित) चला रहा था और उसके पीछे सविता नाम की महिला बैठी थी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल घूमने आए थे 3 युवक और 2 युवतियां, कई पलटे खाते खाई में गिरी गाड़ी, मची चीख-पुकार
पुलिसकर्मी ने देखा कि स्कूटी चालक ने हेलमेट नहीं पहना था। जब स्कूटी को रोककर कागजात मांगे गए, तो नाबालिग के पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं था। नियमों की धज्जियां उड़ती देख मुख्य आरक्षी प्रदीप कुमार ने तुरंत कानून के तहत स्कूटी का चालान काटना शुरू कर दिया।
पति पत्नी और नाबालिग ने पीटा पुलिस कर्मी
चालान कटता देख स्कूटी सवार बौखला गए और उन्होंने तुरंत किसी को फोन घुमाया। कुछ ही देर में मौके पर एक शख्स कार में सवार होकर सिंघम अंदाज में पहुंचा और आते ही पुलिसकर्मी से उलझ गया। कार चालक की पहचान सविता के पति सचिन निवासी पट्टीनथ्था सिंह, शिवपुर पांवटा साहिब के रूप में हुई। इसके बाद जो कुछ हुआ, उसने पुलिस सुरक्षा पर ही गंभीर सवाल खड़े कर दिए। सचिन, सविता और नाबालिग मोहित ने मिलकर ऑन-ड्यूटी पुलिसकर्मी प्रदीप कुमार को घेर लिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: हंसते-खेलते परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, 24 वर्षीय युवक ने कमरे में खत्म कर ली जिंदगी
आरोप है कि आरोपी सचिन और नाबालिग मोहित ने पुलिसकर्मी के साथ धक्का-मुक्की की और उसका गला पकड़ लिया ताकि वह हिल न सके। जैसे ही पुलिसकर्मी असहाय हुआ, पीछे बैठी महिला सविता ने आव देखा न ताव और पुलिसकर्मी के चेहरे पर दनादन थप्पड़ जड़ दिए।
पुरुवाला थाने में केस दर्ज, पति-पत्नी गिरफ्तार
सरेराह सरकारी कर्मचारी पर हुए इस हमले के बाद पुरुवाला पुलिस थाना तुरंत हरकत में आया। मुख्य आरक्षी प्रदीप कुमार की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न आपराधिक धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया और त्वरित कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस ने पति पत्नी को गिरफ्तार कर लिया और उन्हें आज कोर्ट में पेश किया गया।
यह भी पढ़ें-हिमाचल : शिव मंदिर के पास बिक रहा था चिट्टा, पुलिस ने पंजाबी समेत 2 को किया गिरफ्तार
जहां से मुख्य आरोपी सचिन को 3 दिन के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया। जबकि सह-आरोपी पत्नी सविता को भी रविवार को सलाखों के पीछे भेज दिया गया, जिसे सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। इस वारदात में शामिल इनका बेटा नाबालिग है, इसलिए उसे गिरफ्तार नहीं किया गया है, लेकिन मामले में उसकी भूमिका की जांच जारी है।
कानून हाथ में लेने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने के साथ-साथ कानून व्यवस्था को चुनौती देने और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट जैसी घटनाओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिला पुलिस प्रशासन ने कहा है कि मामले की गहन जांच जारी है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
