ऊना। हिमाचल प्रदेश में चिट्टे जैसे घातक नशे का अवैध कारोबार लगातार चिंता का विषय बना हुआ है। पड़ोसी राज्य पंजाब से नशे की खेप लेकर हिमाचल पहुंच रहे तस्करों पर पुलिस लगातार शिकंजा कस रही है। इसी कड़ी में ऊना जिले में एसटीएफ कांगड़ा की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। बाइक पर सवार दोनों युवकों के पास पुलिस को लाखों का चिट्टा बरामद हुआ है। इतना ही नहीं उनके पास से पुलिस को नगदी भी बरामद हुई है। 

सुबह 4:30 बजे पुलिस ने बिछाया जाल

जानकारी के अनुसार एसटीएफ कांगड़ा की टीम ने वीरवार सुबह करीब 4:30 बजे गगरेट उपमंडल के अंबोटा स्थित शिवबाड़ी चौक पर नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार होकर दो युवक वहां पहुंचे। पुलिस ने उन्हें जांच के लिए रुकने का इशारा किया। इसके बाद दोनों युवकों की तलाशी ली गई तो उनके कब्जे से 49.21 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने तुरंत नशे की खेप को कब्जे में लेकर दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान उनके पास से 10ए200 रुपये की नकदी भी मिली। पकड़े गए चिट्टे की कीमत अंतरराष्ट्रीय मार्केट में लाखों रुपए बताई जा रही है।

 

यह भी पढ़ें : नीरज भारती सहित इनके फेसबुक अकाउंट होंगे बहाल! हाईकोर्ट ने सुक्खू सरकार को दी सख्त चेतावनी

लुधियाना के हैं दोनों आरोपी

पुलिस की गिरफ्त में आए दोनों युवकों की पहचान राजन सिंह निवासी बस्ती मनी सिंह बाजरा और हर्षदीप सिंह निवासी गांव मानक बाल, जिला लुधियाना (पंजाब) के रूप में हुई है। दोनों युवक बाइक पर सवार होकर अंबोटा के शिवबाड़ी चौक से गुजर रहे थे। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है, ताकि नशे की खेप के स्रोत और इसके आगे के नेटवर्क का पता लगाया जा सके।

हिमाचल में कहां होनी थी चिट्टे की सप्लाई?

इस मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि पंजाब से चिट्टे की खेप लेकर हिमाचल पहुंचे दोनों युवकों का असली मकसद क्या था और वे इसे कहां पहुंचाने वाले थे। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि बरामद नशा किसी स्थानीय सप्लायर को दिया जाना था या इसके पीछे कोई बड़ा तस्करी नेटवर्क सक्रिय है। आरोपियों के संपर्कों और नशे की खरीद-फरोख्त से जुड़े संभावित लिंक की पड़ताल की जा रही है। हालांकि, पुलिस जांच पूरी होने से पहले सप्लाई नेटवर्क को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल हाईकोर्ट ने सुक्खू सरकार को थमाया नोटिस! अवैध कॉलोनी बसाने के मामले में मांगा जवाब

नशा तस्करों के निशाने पर हिमाचल के युवा

हिमाचल प्रदेश में चिट्टे का फैलता अवैध कारोबार पुलिस और समाज के लिए गंभीर चुनौती बना हुआ है। पंजाब की सीमा से सटे ऊना जैसे जिलों में बाहरी राज्यों से नशीले पदार्थों की तस्करी रोकना पुलिस के लिए अहम चुनौती है। चिट्टे की गिरफ्त में आ रहे युवाओं के मामले लगातार चिंता बढ़ा रहे हैं। ऐसे में पुलिस की यह कार्रवाई नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा मानी जा रही है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: निकिता के अंतिम संस्कार में भी हंगामा, घाट पर पत्थरबाजी के साथ चले डंडे; कई घायल

एसपी ऊना बोले- नशे के खिलाफ कार्रवाई रहेगी जारी

एसपी ऊना सचिन हिरेमठ ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों को 49.21 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 10,200 रुपये की नकदी भी बरामद की गई है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नशे की खेप कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। एसपी ने स्पष्ट किया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस धंधे में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें