#अपराध
November 2, 2026
हिमाचल : अस्पताल के पास पड़ा मिला युवक- रुक चुकी थीं सांसें, ओव-रडोज का शक
मेडिकल स्टोर के बाहर अचेत हालत में मिला युवक
शेयर करें:

चंबा। हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां सिविल अस्पताल के पास एक 30 वर्षीय युवक संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। युवकी सांसे थम चुकी थी। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला चंबा के तीसा सिविल अस्पताल से सामने आया है। बताया जा रहा है कि रविवार सुबह युवक तीसा सिविल अस्पताल के पास एक मेडिकल स्टोर के बाहर बेसुध पड़ा हुआ था।
उसे इस हालत में देखकर स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद की और अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान चुराह के भराड़ा गांव निवासी दलीप सिंह (30) पुत्र नेगी राम के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत किसी नशीले पदार्थ के ज्यादा सेवन यानी ओवरडोज के कारण हुई हो सकती है। हालांकि, अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी।
चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस इस घटना की हर पहलू से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़ी जानकारी जुटा रही है।