हमीरपुर/ कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ सख्त रुख अपनाने वाली सुक्खू सरकार के निर्देशों के बावजूद कुछ सरकारी कर्मचारी और अन्य लोग सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामलों में प्रदेश के दो अलग-अलग जिलों में पुलिस ने नशे के साथ चार लोगों को रंगे हाथों पकड़ा है। इनमें एक सरकारी कर्मचारी भी शामिल है जो बेहद चिंता का विषय है।
नशा करते ग्रामीणों ने पकड़े तीन युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला हमीरपुर के कांगू गांव में माता बगलामुखी मंदिर के जंगल का है। तीन युवक जंगल में संदिग्ध हालत में बैठे थे। इनमें से एक युवक तहसील गलोड़ में मल्टीटास्क वर्कर के तौर पर काम करता है।
यह भी पढ़ें : शिक्षक भर्ती में उलझी सुक्खू सरकार- हजारों छात्रों ने छोड़ दिए CBSE स्कूल, परिजन परेशान
बताया जा रहा है कि उसे पहले भी नशा करते हुए पकड़ा गया था और समझाया गया था, लेकिन शनिवार को वह फिर उसी तरह की हालत में मिला। इस दौरान ग्रामीणों ने तीनों को पकड़ लिया और उनकी पिटाई भी कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जांच के लिए भेजे सैंपल
तीन युवकों को नशा करने के शक में पुलिस ने उनके खून और यूरिन के सैंपल लिए हैं। इन सैंपलों को जांच के लिए मंडी स्थित आरएफएसएल लैब भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा कि उन्होंने नशा किया था या नहीं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: वेल्डिंग सीखने गया था 18 वर्षीय युवक- करंट लगने से हुआ बेसुध, अस्पताल में तोड़ा दम
एक युवक मौके से भागा, पुलिस जांच में जुटी
ग्रामीणों की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों युवकों के सैंपल लिए, लेकिन तलाशी के दौरान उनके पास से कोई नशा बरामद नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि मौके पर चार युवक थे, जिनमें से एक भागने में सफल रहा। SP हमीरपुर बलवीर सिंह ने कहा कि केवल शक के आधार पर किसी को दोषी नहीं ठहराया जा सकता। लैब रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
चरस के साथ युवक गिरफ्तार
वहीं दूसरा मामला जिला कांगड़ा के नूरपुर से सामने आया है। यहां पर पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। CIA नूरपुर की टीम ने नागाबाड़ी टोल प्लाजा के पास वाहन जांच के दौरान एक संदिग्ध हीरो स्प्लेंडर बाइक को रोका। तलाशी लेने पर बाइक सवार के पास से 2.532 किलोग्राम चरस बरामद हुई।
यह भी पढ़ें : चंडीगढ़ में बहुमंजिला इमारत गिरने से हिमाचल के युवक की मौ.त, 5 घंटे मलबे में फंसा रहा...
पंजाब का रहने वाला है आरोपी, बाइक भी जब्त
पुलिस ने मौके पर ही चरस और मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान 33 वर्षीय अश्वनी कुमार निवासी नरोट मेहरा, जिला पठानकोट (पंजाब) के रूप में हुई है। उसके खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
चरस कहां से आई और कहां जानी थी, पुलिस कर रही जांच
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्म चंद वर्मा ने बताया कि पुलिस यह पता लगा रही है कि आरोपी चरस कहां से लेकर आया था और इसे किस जगह पहुंचाने वाला था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस तस्करी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
