सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पंजाब से अपनी मौसी के साथ कैंसर का इलाज कराने आई एक नाबालिग लड़की को कुछ नकाबपोश युवक जबरन कार में डालकर ले गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
इलाज करवाकर पैदल जा रही थीं मौसी-भांजी
जानकारी के अनुसार, पंजाब के बनूड़ इलाके की रहने वाली एक महिला अपनी नाबालिग भांजी के साथ मानपुरा के खेड़ावाली रोड पर कैंसर का इलाज करवाने आई थी। इलाज के बाद दोनों पैदल जा रही थीं। इसी दौरान अचानक एक कार उनके पास आकर रुकी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : निर्माणाधीन भवन की छत से गिरा शख्स, निकले प्राण; उजड़ गया हंसता खेलता परिवार
नकाबपोश युवकों ने लड़की को जबरन कार में डाला
महिला के मुताबिक, कार में 3-4 नकाबपोश युवक सवार थे। उन्होंने अचानक नाबालिग लड़की को पकड़ लिया और जबरन कार के अंदर डाल दिया। इसके बाद आरोपी कार लेकर मौके से फरार हो गए। महिला ने शोर मचाया, लेकिन तब तक आरोपी वहां से निकल चुके थे।
घटना के तुरंत बाद पुलिस को दी सूचना
घटना के बाद महिला ने बिना देर किए मानपुरा पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया और लड़की की तलाश शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपियों का पता लगाया जा सके।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में नशा तस्करी का भंडाफोड़, पुलिस ने पंजाब से दबोचा लाखों के चिट्टा तस्करी का मुख्य सप्लायर
पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस आरोपियों की पहचान और नाबालिग को सुरक्षित बरामद करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।
