#अपराध
September 12, 2026
हिमाचल में नशा तस्करी का भंडाफोड़, पुलिस ने पंजाब से दबोचा लाखों के चिट्टा तस्करी का मुख्य सप्लायर
बस की चेकिंग के दौरान पकड़ा गया था आरोपी
शेयर करें:

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस की टीमें नशा तस्करों पर शिकंजा कसने के साथ-साथ नशे की सप्लाई चेन तक पहुंचने में जुटी हुई हैं। इसी कड़ी में बिलासपुर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लाखों रुपये के नशे के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 4 सितंबर को SDT बिलासपुर की टीम गश्त और नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान एक बस की चेकिंग की गई। चेकिंग के दौरान जीरकपुर, जिला मोहाली निवासी 42 वर्षीय अमित गुप्ता के पास से 37.17 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद सदर थाना बिलासपुर में उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : टाइलें लेकर जा रही पिकअप पलटी, एक की मौ**त; 4 लोग घायल
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने केवल चिट्टा बरामद करने तक कार्रवाई सीमित नहीं रखी। पुलिस ने यह पता लगाने के लिए जांच शुरू की कि आरोपी को नशे की सप्लाई कौन करता था और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं। पूछताछ के साथ आरोपी के मोबाइल से जुड़े डिजिटल सबूत और पैसों के लेन-देन की भी जांच की गई।
जांच के दौरान पुलिस को चिट्टे के मुख्य सप्लायर के बारे में अहम जानकारी मिली। इसके बाद बिलासपुर पुलिस की टीम पंजाब के फतेहगढ़ साहिब पहुंची और वहां दबिश देकर 52 वर्षीय जगतार सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि जगतार सिंह हिमाचल के अलग-अलग इलाकों में चिट्टा सप्लाई करने से जुड़ा हुआ था।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में आज फिर बरसेंगे बादल, कई इलाकों में बारिश के आसार, जानें कैसा रहेगा मौसम
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि जगतार सिंह के संपर्क में हिमाचल के कौन-कौन से लोग थे। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि प्रदेश में चिट्टे की सप्लाई किस नेटवर्क के जरिए की जा रही थी। आरोपी से जुड़े दूसरे लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि जगतार सिंह का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड है। उसके खिलाफ पंजाब के अलग-अलग थानों में चिट्टा तस्करी, हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, चोरी सहित अन्य अपराधों के कुल 8 मामले दर्ज हैं। इनमें कई मामले एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ सरहिंद, मुल्लापुर, फतेहगढ़ साहिब, बदाली आला सिंह और राजपुरा थानों में मामले दर्ज हैं। इनमें 2013 और 2015 में NDPS एक्ट के मामले, 2018 में फतेहगढ़ साहिब थाने में NDPS एक्ट का मामला और फरवरी 2026 में बदाली आला सिंह थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामला शामिल है। इसके अलावा सरहिंद में हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज है। वहीं राजपुरा थाने में 2018 में हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत भी मामला दर्ज पाया गया है।