सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन में चेस्टर हिल मामले की आग अभी ठंडी भी नहीं हुई थी कि एक और बड़े जमीन घोटाले ने प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मचा दिया है। इस बार निशाने पर शासन के एक बड़े प्रशासनिक अधिकारी हैं जिन पर पद का दुरुपयोग कर करोड़ों की जमीन को बेहद मामूली दाम पर अपने करीबियों के नाम करवाने का गंभीर आरोप लगा है।
क्या है पूरा मामला ?
मामला सोलन जिले की करीब 12 बीघा बेशकीमती जमीन से जुड़ा है। आरोप है कि जिस जमीन की बाजार में कीमत 200 करोड़ रुपये से भी ज्यादा आंकी जा रही है, उसकी रजिस्ट्री सरकारी दस्तावेजों में महज 39 लाख रुपये में दिखा दी गई। इस बड़े अंतर ने ना केवल राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं बल्कि इसमें बड़े पैमाने पर 'कैश ट्रांजैक्शन' और 'बेनामी सौदे' की आशंका को भी जन्म दिया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: 23 लोगों से भरी बोलेरो कैंपर पलटी, रफ्तार नहीं संभाल पाया चालक- मौके पर मची चीख-पुखार
कैसे बुना गया 'बेनामी' खेल ?
मुख्य सचिव को भेजी गई लिखित शिकायत में इस सौदे की परतों को खोलते हुए कई चौंकाने वाले दावे किए गए हैं:
- पैसे का संदिग्ध लेन-देन: शिकायत के मुताबिक प्रशासनिक अधिकारी के परिवार के एक सदस्य ने नामित खरीदार के खाते में 40.5 लाख रुपये ट्रांसफर किए। इसके बाद वो जमीन किसी तीसरे व्यक्ति के नाम पर दर्ज करवा दी गई। ये पूरी प्रक्रिया इशारा करती है कि असली मालिक पर्दे के पीछे कोई और है।
- कानूनी पेच को किया नजरअंदाज: सबसे गंभीर आरोप ये है कि जिस जमीन का सौदा हुआ, उससे जुड़ा एक मामला पहले से ही अदालत में लंबित था। ऐसी स्थिति में पारदर्शिता बरती जानी चाहिए थी लेकिन रसूख के दम पर ना तो केस ट्रांसफर हुआ और ना ही जानकारी सार्वजनिक की गई।
- बाजार भाव की अनदेखी: करोड़ों की प्रॉपर्टी को कुछ लाख रुपये और सीमित बैंक ट्रांजैक्शन में दिखाना सीधे तौर पर सरकारी खजाने को चूना लगाने और काले धन को खपाने की कोशिश माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: सिया के पिता पहुंचे ह*त्या वाली जगह, न्याय के संघर्ष के बीच किया शांति हवन- भावुक हुए लोग
प्रशासनिक हलचल
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए हिमाचल प्रदेश के मुख्य सचिव संजय गुप्ता ने पुष्टि की है कि उन्हें संबंधित अधिकारी के खिलाफ शिकायत मिली है। उन्होंने संकेत दिए हैं कि बेनामी संपत्ति, वित्तीय गड़बड़ी और पद के दुरुपयोग के इन आरोपों की जांच की जा सकती है।
देवभूमि में रसूखदारों द्वारा नियम-कानून ताक पर रखकर जमीन कब्जाने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। यदि इस शिकायत के तथ्य सही पाए जाते हैं तो ये ना केवल उस अधिकारी के करियर पर दाग लगाएगा बल्कि हिमाचल प्रशासन की छवि को भी बड़ा धक्का देगा।
