#अपराध
June 17, 2026
हिमाचल : कुछ महीने पहले हुई थी शादी, पत्नी संग नहीं चला रिश्ता- परिजनों ने खोया जवान बेटा
पत्नी से अलग रहता था 25 वर्षीय तपेंद्र
शेयर करें:

सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले से एक दुखद घटना सामने आई है। यहां 25 वर्षीय युवक की आत्महत्या से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। युवक की असमय मौत ने न केवल उसके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है, बल्कि गांव के लोगों को भी झकझोर कर रख दिया है।
बताया जा रहा कि युवक की शादी कुछ समय पहले ही हुई थी, लेकिन उसके पत्नी के साथ रिश्ते ठीक नहीं थे। युवक की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम का माहौल बना हुआ है।
मृतक की पहचान तपेंद्र सिंह (25) निवासी ग्राम पंचायत कोलर, उपमंडल पांवटा साहिब के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शादी के बाद पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर लगातार मतभेद बने रहे। समय बीतने के साथ यह विवाद गहराता गया और दोनों अलग-अलग रहने लगे।
स्थानीय लोगों के अनुसार, वैवाहिक जीवन में आई इस खटास का युवक की मानसिक स्थिति पर गहरा असर पड़ रहा था। वह पिछले कुछ समय से तनाव में रह रहा था और अक्सर चिंतित दिखाई देता था। इसी बीच उसने ऐसा कदम उठा लिया, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। घटना की सूचना मिलते ही परिवार और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा आसपास के लोगों से पूछताछ भी की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया।
युवक की मौत की खबर फैलते ही गांव में शोक का माहौल बन गया। ग्रामीणों का कहना है कि तपेंद्र मिलनसार स्वभाव का युवक था और उसकी इस तरह की मौत ने सभी को स्तब्ध कर दिया है। परिवार के सदस्यों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और घर में मातम पसरा हुआ है।
SP सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की गंहनता से जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिसके चलते आत्महत्या के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतक के पारिवारिक और सामाजिक परिस्थितियों से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है। साथ ही परिजनों और अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं ताकि घटना की वास्तविक वजह सामने आ सके। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्पष्ट तस्वीर सामने आ पाएगी।