#अपराध
June 16, 2026
हिमाचल में पंजाब से बाइक पर सप्लाई हो रहा था चिट्टा- पुलिस ने मौके पर धरे 2 युवक
बाइक से ढेर सारा चिट्टा बरामद
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल प्रदेश में पुलिस नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। लेकिन कुछ नशा तस्कर अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। इसी कड़ी में अब ताजा मामला जिला ऊना से पेश आया है। यहां पर पुलिस ने लाखों के चिट्टे के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला ऊना के टाहलीवाल रोड का है। SIU ऊना की टीम को सूचना मिली थी कि कुछ लोग इलाके में नशे की सप्लाई करने के लिए आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सोमवार देर शाम टाहलीवाल रोड पर निगरानी बढ़ाई। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल को शक के आधार पर रोका गया।
पुलिस ने जब बाइक की तलाशी ली तो उसमें छिपाकर रखा गया 63.32 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद मोटरसाइकिल चला रहे सतीश कुमार और पीछे बैठे मंजीत कुमार को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपियों को थाने ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी गई है।

पुलिस ने दोनों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब गिरफ्तार आरोपियों से यह पता लगाने में जुटी है कि चिट्टा उन्हें कहां से मिला था और वे इसे आगे किसे सप्लाई करने वाले थे। इसके अलावा पुलिस उनके संपर्कों और पुराने रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
जांच टीम यह भी पता लगा रही है कि इस नशा तस्करी के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो काम नहीं कर रहा। पुलिस आरोपियों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगाल रही है, ताकि नशे के इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके।
SP ऊना सचिन हिरेमठ ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।