#अपराध
June 16, 2026
हिमाचल: 26 वर्षीय युवक ह*त्याकांड में प्रेम प्रसंग का खुलासा, बातचीत के बहाने बुलाया; छीन ली सांसें
पुल से नीचे नाले में फेंक कर उतारा था मौत के घाट
शेयर करें:

चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिला के चुराह क्षेत्र में 26 वर्षीय युवक हरविंद्र सिंह की हत्या मामले में पुलिस जांच ने ऐसा खुलासा किया है जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। जिस घटना को शुरुआत में एक संदिग्ध मौत माना जा रहा था, वह अब प्रेम प्रसंग से जुड़ी एक सनसनीखेज हत्या के रूप में सामने आ रही है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि एक प्रेम संबंध को लेकर पैदा हुए विवाद ने आखिरकार एक युवक की जान ले ली।
मामले में सामने आए तथ्यों के अनुसार आरोपियों ने पहले युवक को बातचीत और समझौते के बहाने अपने पास बुलाया। लेकिन बातचीत का यह दौर देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया और फिर घटनाक्रम ने ऐसा मोड़ लिया, जिसने एक परिवार का बेटा हमेशा के लिए छीन लिया।
यह भी पढ़ें : चंबा ह*त्याकांड में सनसनीखेज खुलासा: कमरे में पी.टा, गाड़ी में टॉ.र्चर; फिर पुल से नाले में फेंका युवक
पुलिस जांच में पता चला है कि मृतक हरविंद्र सिंह का गांव की एक युवती के साथ प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि इस संबंध की जानकारी कुछ लोगों को लग गई थी। इसके बाद मामले को लेकर नाराजगी और तनाव बढ़ने लगा। जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने हरविंद्र को भंजराडू स्थित उसके कमरे से बाहर बुलाया। बताया जाता है कि शुरुआत में बातचीत के जरिए मामला सुलझाने की कोशिश की गई, लेकिन कुछ ही देर में माहौल तनावपूर्ण हो गया और बहस ने मारपीट का रूप ले लिया।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार की बेरुखी बढ़ा रही दृष्टिबाधितों का दर्द, सचिवालय का किया घेराव, पुलिस से हुई धक्का-मुक्की
सूत्रों के अनुसार मारपीट के दौरान हरविंद्र सिंह को गंभीर चोटें लगीं। पुलिस को आशंका है कि इन्हीं चोटों के कारण उसकी मौत हुई। जब युवक अचेत हो गया तो आरोपी घबरा गए और अपने बचाव का रास्ता तलाशने लगे। आरोपियों ने मृतक को वाहन में डाला और उसे दूर ले जाकर नाले में फेंक दिया, ताकि पूरी घटना को दुर्घटना या सामान्य हादसे का रूप दिया जा सके।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: सरकारी रिकॉर्ड में मा*र दिया 'जिंदा' आदमी, बंद कर दी बेबस सुरेश की पेंशन; 9 साल से पड़ा है बिस्तर पर
रविवार को युवक का शव मिलने के बाद मामला रहस्यमय बन गया था। हालांकि पुलिस थाना तीसा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत जांच शुरू की। जांच टीम ने घटनास्थल, मृतक की गतिविधियों और तकनीकी साक्ष्यों की बारीकी से पड़ताल की। बताया जा रहा है कि पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर मामले की महत्वपूर्ण कड़ियां जोड़ लीं और संदिग्धों तक पहुंचने में सफलता हासिल कर ली।
मामले की जांच में सीसीटीवी फुटेज ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस ने विभिन्न स्थानों के कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली और मृतक की अंतिम गतिविधियों का पता लगाया। इसके साथ ही मोबाइल लोकेशन, तकनीकी विश्लेषण और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की मदद से जांच को आगे बढ़ाया गया। इन्हीं सुरागों के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लिया।
सोमवार को नूरपुर से पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल और संदिग्ध वाहन का वैज्ञानिक निरीक्षण किया। जांच के दौरान वाहन में खून के धब्बे पाए गए, जिसने पुलिस के शक को और मजबूत कर दिया। इसके अलावा मृतक के कमरे और अन्य संबंधित स्थानों से भी महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए हैं। इन सभी नमूनों को फोरेंसिक परीक्षण के लिए सुरक्षित रखा गया है, जिनकी रिपोर्ट जांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
कातिलों की धरपकड़ के लिए चलाए गए अभियान में पुलिस ने हत्या के आरोप में तीन लोगों को दबोच लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान 45 वर्षीय दिलीप कुमार उर्फ राजू निवासी राह गुटकर, डाकघर कल्हेल जिला चंबा, 25 वर्षीय मुकेश कुमार निवासी गांव बाग तहसील सलूणी और 21 वर्षीय याकेश कुमार निवासी गांव हडला डाकघर सेईकोठी जिला चंबा के रूप में हुई है। सोमवार को तीनों आरोपियों को न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी (JMFC) तीसा की अदालत में पेश किया गया, जहां से माननीय अदालत ने उन्हें 4 दिन के कड़े पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक चंबा विजय सकलानी ने बताया कि जांच में प्रेम प्रसंग का पहलू सामने आया है और इसी दिशा में मामले की पड़ताल की जा रही है। उन्होंने कहा कि फोरेंसिक रिपोर्ट, तकनीकी साक्ष्य और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे चुराह क्षेत्र में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल है। एक प्रेम संबंध से शुरू हुआ विवाद जिस तरह एक युवक की मौत तक पहुंचा, उसने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का दावा है कि मामले की हर परत को खोलकर सच्चाई सामने लाई जाएगी।