सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में उस समय हड़कंप मच गया जब एक 65 साल के व्यक्ति का शव  संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। हादसे की खबर मिलते ही आस-पास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही है। लोगों का कहना है कि यह हादसा है या हत्या। 

स्टोन क्रशर के पास मिला शव 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला सोलन के नालागढ़ के समीप बगलैहड़ क्षेत्र का है। घटना की जानकारी उस समय सामने आई जब स्थानीय लोगों ने डंपिंग स्थल के पास  स्टोन क्रशर के डंप पर व्यक्ति का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा देखा। शव को देख लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति को गंभीर समझते हुए तुरंत पुलिस को सूचित किया गया।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में बच्चा तस्करी: IVF क्लीनिक व NGO से जुड़े तार, अस्पतालों पर भी शक- अब तक 9 अरेस्ट

मृतक की पहचान

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को घेरकर आवश्यक कार्रवाई की और मौके से साक्ष्य जुटाने का काम शुरू किया। मृतक की पहचान 65 वर्षीय प्रीतम सिंह निवासी शेरावाला, नालागढ़ जिला सोलन के रूप में हुई है।

पिछले एक दिन से लापता था व्यक्ति

बताया जा रहा है कि व्यक्ति पंजेरा में हलवाई का काम करते थे और इलाके में अपने काम के लिए जाने जाते थे। परिजनों के मुताबिक वे पिछले एक दिन से घर से लापता थे। परिवार ने अपने स्तर पर उनकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग पाया। बाद में खोजबीन के दौरान उनका शव बगलैहड़ नदी के पास स्थित डंपिंग साइट पर मिला, जिससे परिवार और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

यह भी पढ़ें : हिमाचल के किसान की बेटी ने पास की UPSC परीक्षा, देशभर में पाया पहला स्थान- CM हुए गदगद

शव पर दिखे घाव के निशान 

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक के चेहरे और शरीर का कुछ हिस्सा कुचला हुआ पाया गया है। जिस स्थान पर शव मिला है, वहां बड़े टिप्परों की लगातार आवाजाही रहती है। इस कारण हादसे की आशंका भी जताई जा रही है। भारी वाहनों की आवाजाही को देखते हुए पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है।

हत्या के एंगल से भी पुलिस कर रही जांच

हालांकि पुलिस ने हत्या के एंगल से भी जांच शुरू कर दी है। किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना से संबंधित जानकारी एकत्र की जा रही है। 

यह भी पढ़ें : सावधान हिमाचल! 48 घंटे खराब रहेगा मौसम, फिर होगी बारिश-बर्फबारी; जानें अपडेट

रिपोर्ट आने के बाद होगा मौत का खुलासा

शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें