सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के शिलाई में 55 वर्षीय खजान सिंह की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। दिनदहाड़े बाइक पर जा रहे दो भाइयों पर गोली चलाने वाला आरोपी आखिरकार 8 दिन बाद पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। पुलिस पूछताछ में हत्या के पीछे जो वजह सामने आई है, वह हैरान करने वाली है।
बेटे के प्रेम प्रसंग की रंजिश में पिता को मार डाला
पुलिस के अनुसार, मृतक खजान सिंह का बेटा रोहित आरोपी विनोद की बहन सुमन के साथ प्रेम संबंध में था। बताया जा रहा है कि सुमन करीब डेढ़ महीने से रोहित के घर रह रही थी। इस बात को लेकर विनोद नाराज था और उसके मन में रंजिश चल रही थी। इसी बीच दोनों की शादी को लेकर भी बात चल रही थी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में दर्दनाक हाद*सा- 6 दोस्तों की मौके पर मौ**त, 24 घंटे बाद खाई में मिली कार
क्या था मामला ?
दरअसल, 10 नवंबर 2026 की सुबह करीब 7:20 बजे रविंद्र सिंह अपने भाई खजान सिंह के साथ मोटरसाइकिल पर गांव चांदपुर धार से अपने घर क्यारटा पिपलटी लौट रहे थे। बाइक रविंद्र चला रहे थे और खजान सिंह पीछे बैठे थे। इसी दौरान कोटी उतरौ मोड़ के पास अचानक धमाके जैसी आवाज सुनाई दी और खजान सिंह बाइक से नीचे गिर गए।
यह भी पढ़ें : मंत्री विक्रमादित्य सिंह की नए जिलों के गठन पर दोटूक, बोले- शिमला एक था-एक ही रहेगा
रविंद्र सिंह अपने भाई को लेकर घर पहुंचे। शुरुआत में उन्हें गोली लगने का पता नहीं चल पाया था। लेकिन जब उन्होंने अपने हेलमेट की जांच की तो उसके पिछले हिस्से में छेद दिखाई दिया। हेलमेट के अंदर एक चांदी रंग की धातु की गोली भी फंसी हुई थी। इसके बाद उन्हें समझ आया कि उनके भाई को गोली लगी है। खजान सिंह को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उनकी मौत हो गई।
8 दिन तक पुलिस के लिए पहेली बनी रही हत्या
मामले में रविंद्र सिंह की शिकायत पर 11 नवंबर को पुलिस थाना शिलाई में अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिरमौर और एसडीपीओ पांवटा साहिब ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं, वैज्ञानिक जांच के लिए एसएफएसएल जुन्गा की टीम को भी बुलाया गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : महिला का उजड़ा सुहाग, 2 दिन बाद घर आने वाले था नन्हा मेहमान- सदमे में परिवार
मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए SP मानवेन्द्र सिंह ठाकुर की अगुवाई में SIT गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, गुप्त सूचनाओं और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। आखिरकार पुलिस को आरोपी तक पहुंचने में कामयाबी मिली।
18 नवंबर को आरोपी गिरफ्तार, पुलिस रिमांड पर लेने की तैयारी
SP सिरमौर NS नेगी के मुताबिक, पुलिस ने 18 नवंबर को आरोपी विनोद निवासी गांव कथयाड़, तहसील शिलाई को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में हत्या के पीछे मृतक के बेटे द्वारा आरोपी की बहन को घर से भगाकर ले जाने की रंजिश सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने इसी बात को लेकर सोची-समझी साजिश के तहत हत्या की वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल करने की तैयारी है। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है।
