शिमला। हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे एक उद्घोषित अपराधी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी करीब 10 साल पुराने मामले में फरार था और पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी।
मारपीट और धमकी देने के मामले में था आरोपी
पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2016 में रामपुर थाना में आरोपी के खिलाफ रास्ता रोककर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज हुआ था। केस की सुनवाई के दौरान आरोपी लगातार अदालत में पेश नहीं हुआ। इसके बाद एसीजेएम रामपुर की अदालत ने 27 मई 2026 को उसे उद्घोषित अपराधी घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : लिव-इन में रह रहे थे 16-17 साल के बच्चे, पढ़ाई भी छोड़ दी- नहीं होना चाहते दूर
मंडी में दबिश देकर पुलिस ने किया गिरफ्तार
आरोपी की तलाश में रामपुर थाना पुलिस और पीओ सेल लगातार जुटी हुई थी। आखिरकार 15 जुलाई 2026 को पुलिस टीम ने जिला मंडी के सेरी बंगला क्षेत्र में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को उसी दिन अदालत में पेश किया गया।
अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेजा जेल
अदालत में पेशी के बाद एसीजेएम रामपुर ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जिला कारागार कैथू भेजने के आदेश दिए। फिलहाल आरोपी जेल में है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। आरोपी की पहचान 42 वर्षीय युवराज निवासी करसोग, जिला मंडी के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें- BREAKING: चलती HRTC बस में अचानक भड़की आ.ग, यात्रियों में मची अफरा-तफरी, हुई राख
फरार अपराधियों के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
जिला शिमला पुलिस का कहना है कि उद्घोषित अपराधियों और लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने साफ कहा है कि कानून से बचने की कोशिश करने वाले किसी भी आरोपी को छोड़ा नहीं जाएगा और सभी को कानून के दायरे में लाया जाएगा।
