शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के कुमारसैन उपमंडल के तहत आने वाले नारकंडा क्षेत्र से एक बेहद शर्मनाक और दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां झामुण्डा में अस्थायी डेरे में अकेली रह रही 18 वर्षीय युवती के साथ एक अज्ञात युवक ने जबरन घुसकर मारपीट की और उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
देर रात डेरे में घुसा आरोपी, कुल्हाड़ी से हमला कर किया दुष्कर्म
पुलिस को दिए बयान में पीड़िता ने बताया कि घटना रात करीब साढ़े 11 बजे की है। वह झामुण्डा स्थित अपने अस्थायी डेरे में अकेली थी। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति जबरन डेरे में घुस आया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : ट्रैक्टर ड्राइवर ने लगाया फं*दा- कमरे से मिला नोट, मां के बयान पर हिरासत में दो
आरोपी ने पहले उसे डराया-धमकाया और फिर कुल्हाड़ी के पिछले हिस्से से उसकी दाहिनी कलाई पर वार कर दिया। इसके बाद उसने युवती के साथ दुष्कर्म किया। अंधेरा होने की वजह से पीड़िता आरोपी का चेहरा नहीं देख सकी, जिसका फायदा उठाकर वह मौके से फरार हो गया।
मामा के नौकर से भी हुई मारपीट, सुबह पुलिस को दी गई सूचना
पीड़िता ने बताया कि घटना के कुछ देर बाद उसके मामा का नौकर डेरे पर पहुंचा। उसने भी बताया कि रास्ते में दो अज्ञात लोगों ने उसके साथ मारपीट की थी। अगली सुबह जब पीड़िता के मामा डेरे पर लौटे तो युवती ने उन्हें पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद तुरंत पुलिस चौकी नारकंडा को सूचना दी गई, जिस पर पुलिस टीम बिना देरी किए मौके पर पहुंच गई।
यह भी पढ़ें : घर से चल रहा था नशे का धंंधा- लाखों का चिट्टा, 2 iPhone, सोना-चांदी बरामद
मौके पर पहुंची पुलिस, आरोपी की तलाश में चल रही छापेमारी
सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और पीड़िता का बयान बीएनएस की धारा 173 के तहत दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। वहीं, पीड़िता का नियमानुसार मेडिकल करवाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
कई धाराओं में केस दर्ज, पुलिस ने जांच की तेज
पुलिस ने इस मामले में BNS की धारा 64(1), 115(2), 351(2) और 329(4) के साथ ही अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(1)(डब्ल्यू)(आई) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि घटना की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से गहन जांच की जा रही है। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
