शिमला। हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला में उस समय हड़कंप मच गया, जब छह दिनों से लापता 24 साल के युवक का शव जंगल में पेड़ से लटका मिला। शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जिसके बाद परिवार में मातम छा गया।
4 जुलाई को घर से निकला, फिर नहीं लौटा
जानकारी के अनुसार मामला शिमला जिले के कोटखाई क्षेत्र के चेवर नाला का है। बताया जा रहा है कि युवक कोटखाई क्षेत्र की ग्राम पंचायत गरावग के कुडी गांव में काम करता था। 4 जुलाई को वह बिना किसी को कुछ बताए अचानक कहीं चला गया। जब देर रात तक वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी तलाश शुरू कर दी। रिश्तेदारों और परिचितों से भी संपर्क किया गया, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चल सका।
यह भी पढ़ें : तेज रफ्तार बाइक ने दूल्हे के रिश्तेदार को उड़ाया, मातम में बदली गई शादी की खुशियां
गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद शुरू हुई तलाश
काफी तलाश के बावजूद जब युवक का कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने 6 जुलाई को पुलिस थाना कोटखाई में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने युवक की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम ने आसपास के जंगलों, रास्तों और संभावित स्थानों पर खोजबीन की, लेकिन शुरुआती प्रयासों में कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने सर्च ऑपरेशन को और तेज करने का फैसला लिया।
ड्रोन कैमरे से चला सर्च ऑपरेशन
युवक का पता लगाने के लिए शिमला से विशेष ड्रोन टीम को बुलाया गया। ड्रोन कैमरों की मदद से पूरे इलाके की बारीकी से तलाशी ली गई। सर्च ऑपरेशन के दौरान चेवर नाला के पास जंगल में एक पेड़ से युवक का शव लटका हुआ दिखाई दिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : दहेज में कार के बाद मांग रहे थे बुलेट बाइक, दबाव में सीमा ने दे दी जा.न
सूचना मिलते ही पुलिस और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव को पेड़ से नीचे उतारकर उसकी पहचान करवाई गई, जिसके बाद पूरे परिवार में मातम छा गया। मृतक की पहचान 24 वर्षीय जगदीश तोमर के रूप में हुई है, जो सिरमौर जिले की ददाहू तहसील के सिमराणा गांव का रहने वाला था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत के कारणों का खुलासा
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।
