#हादसा

July 9, 2026

हिमाचल : तेज रफ्तार बाइक ने दूल्हे के रिश्तेदार को उड़ाया, मातम में बदली गई शादी की खुशियां

बाइक पर सवार थे तीन युवक, हादसे के बाद हो गए फरार

शेयर करें:

Himachal Pradesh

ऊना। घर पूरी तरह सजा था, बैंड-बाजे की गूंज थी और बारात निकलने में बस कुछ ही पल बाकी थे। लेकिन किसे पता था कि खुशियों से भरा यह आंगन अचानक चीख-पुकार से गूंज उठेगा। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब तेज रफ्तार बाइक ने दूल्हे के एक रिश्तेदार को जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल रिश्तेदार ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जिसके बाद पूरे परिवार की खुशियां पलभर में गम में बदल गईं।

बारात निकलने से पहले हुआ हादसा

पुलिस को दी शिकायत में हम्बोली निवासी गुरभाग सिंह ने बताया कि 8 जुलाई की रात उनके बेटे की शादी थी। बारात धुसाड़ा स्थित सरगम पैलेस जाने वाली थी। इसी दौरान उनके रिश्तेदार कमलजीत सिंह, जो भदसाली (तहसील हरोली) के रहने वाले थे, सड़क पार कर एक किनारे खड़े थे। तभी बड़ूही की तरफ से तेज रफ्तार में आई एक बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : दहेज में कार के बाद मांग रहे थे बुलेट बाइक, दबाव में सीमा ने दे दी जा.न

बाइक पर सवार थे तीन युवक, हादसे के बाद हो गए फरार

शिकायत के मुताबिक बाइक पर तीन युवक सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कमलजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस बीच तीनों युवक अंधेरे का फायदा उठाकर बाइक सहित मौके से फरार हो गए। हालांकि, शिकायतकर्ता ने भागते समय बाइक का नंबर नोट कर लिया, जिससे पुलिस को जांच में अहम सुराग मिला है।

पीजीआई में इलाज के दौरान तोड़ा दम

परिजन और स्थानीय लोगों ने घायल कमलजीत सिंह को तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया। डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद शादी वाले घर की खुशियां पलभर में गम में बदल गईं।

यह भी पढ़ें : केरल में खत्म हुई हिमाचल के इंजीनियर राहुल की तलाश, बरामद हुआ श*व- परिवार में मातम

बाइक नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश में पुलिस

डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत और बाइक के नोट किए गए नंबर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। केस भारतीय न्याय संहिता (BNS) और मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस की टीमें फरार तीनों युवकों और बाइक की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही हैं।

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख