ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना शहर में एक व्यापारी की संदिग्ध हालात में मौत का मामला सामने आया है। सोमवार से लापता चल रहे व्यापारी राजीव कोहली का शव मंगलवार को प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पीरनिगाह के पास मिला। व्यापारी के अचानक लापता होने और फिर शव मिलने से पूरे शहर में सनसनी फैल गई है।
घर से निकले, लेकिन मोबाइल घर पर ही छोड़ गए
राजीव कोहली के लापता होने की सबसे हैरान करने वाली बात यह सामने आई है कि वह सोमवार को घर से निकलते समय अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ गए थे। आज के समय में जब मोबाइल हर किसी के लिए जरूरी हो गया है, ऐसे में बिना फोन के घर से निकलना पुलिस जांच में भी अहम माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें : राजा के गढ़ में वीरभद्र सिंह को भूली कांग्रेस, प्रतिभा सिंह का छलका दर्द; बोली-ना पोस्टर- ना मंच पर लिया नाम
देर तक घर नहीं लौटे तो परिवार को हुई चिंता
बताया जा रहा है कि राजीव कोहली जब काफी देर तक घर वापस नहीं लौटे तो परिवार वालों को चिंता होने लगी। जब उनका मोबाइल भी घर पर ही मिला तो परिजनों को किसी अनहोनी का शक हुआ। इसके बाद परिवार ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उनकी तलाश शुरू कर दी, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला।
पुलिस को दी गई लापता होने की सूचना
काफी तलाश के बाद भी जब राजीव कोहली का कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने ऊना पुलिस को उनके लापता होने की सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने भी उनकी तलाश शुरू कर दी और मामले की जांच में जुट गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में सवारियों से भरी निजी बस पलटी, चीख-पुकार सुन दौड़े लोग; खाई में गिरने से बची
पीरनिगाह के पास मिला शव
मंगलवार को पुलिस और परिजन राजीव कोहली की तलाश कर ही रहे थे कि पीरनिगाह के पास एक शव पड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जांच और शिनाख्त के बाद पता चला कि शव लापता व्यापारी राजीव कोहली का ही है।
मौत से उठ रहे कई सवाल
राजीव कोहली का शव मिलने के बाद परिवार में मातम छा गया। वहीं, व्यापारी की मौत को लेकर कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं। वह घर से बिना मोबाइल के क्यों निकले थे और पीरनिगाह तक कैसे पहुंचे, पुलिस इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
