मंडी। हिमाचल प्रदेश में पुलिस नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। आए दिन पुलिस नशे की खेप के साथ नशा तस्करों को सलाखों के पीछे डाल रही है। ताजा मामला जिला मंडी से सामने आया है। यहां पर पुलिस ने ढेर सारी चरस के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
संदेह होने पर पुलिस ने दोनों का पीछा किया
जानकारी के अनुसार, मामला जिला मंडी के डायनापार्क-बधौणीधार मार्ग से सामने आया है। यहां पर पुलिस नशे के खिलाफ गश्त कर रही थी। आवाजाही वाले सभी लोगों और वाहनों की नियमित चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान दो लोग पैदल वहां से गुजर रहे थे। पुलिस को दोनों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद पुलिस ने उनका पीछा किया और दोनों को रोककर तलाशी ली।
यह भी पढ़ें- अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरी कार, बेटे के सामने पिता ने तोड़ दम
तलाशी लेने पर बरामद हुई 2 किलो 15 ग्राम चरस
पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर दोनों के कब्जे से चरस की खेप बरामद हुई। वजन करने पर चरस की कुल मात्रा 2 किलो 15 ग्राम पाई गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया और उनके खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।
दोनों आरोपी पद्धर क्षेत्र के रहने वाले
पुलिस के अनुसार आरोपियों की पहचान सुरत राम (62) पुत्र स्वर्गीय चाकू राम निवासी गांव भुमचवाण, डाकघर थल्टूखोड़, तहसील पद्धर और टेक चंद (70) पुत्र घुघारू राम निवासी गांव सतनोग, डाकघर गवाली, तहसील पद्धर, जिला मंडी के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : 12 साल की मेहनत लाई रंग, पुष्पा बनीं भारतीय महिला कबड्डी टीम की कप्तान
अदालत ने तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेएमएफसी कोर्ट नंबर-2 मंडी की अदालत में पेश किया। अदालत ने दोनों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजने के आदेश दिए हैं। अब पुलिस रिमांड के दौरान मामले से जुड़ी अन्य जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
पुलिस अधीक्षक ने की मामले की पुष्टि
मामले की पुष्टि मंडी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने की है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों आरोपी चरस की यह खेप कहां से लेकर आए थे और इसे कहां पहुंचाया जाना था। मामले में आगे की जांच जारी है।
