कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में बच्चियों, युवतियों और महिलाओं के साथ हो रहे यौन उत्पीड़न के मामले बढ़ते जा रहे है। ताजा मामला जिला कुल्लू जिले से सामने आया है। यहां पर DRDA कार्यालय में तैनात एक महिला कर्मचारी ने अपने ही विभाग के वरिष्ठ कर्मचारी पर यौन उत्पीड़न गंभीर आरोप लगाए हैं।
कई महीनों से परेशान करने का लगाया आरोप
पुलिस को दी शिकायत में महिला कर्मचारी ने आरोप लगाया कि DRDA में तैनात JE पिछले कई महीनों से उसे परेशान कर रहा था। महिला का कहना है कि आरोपी 6 जनवरी से लगातार उसका पीछा कर रहा था और उस पर गलत मांगों को मानने का दबाव बनाया जा रहा था। महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी द्वारा बार-बार उसे मानसिक रूप से परेशान किया गया और उसके साथ अनुचित व्यवहार किया गया।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : मालरोड पर गाड़ी दौड़ा रहा था पंजाबी, वीडियो वायरल- कटा 20 हजार का चालान
मांगें नहीं मानने पर अभद्र भाषा का आरोप
शिकायतकर्ता महिला के अनुसार जब उसने आरोपी की बातों का विरोध किया और उसकी मांगों को मानने से इनकार कर दिया तो आरोपी ने उसके साथ अभद्र और अशोभनीय भाषा का प्रयोग करना शुरू कर दिया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उसे डराने के लिए उसके पति को भी धमकियां दीं और जान से मारने की बात कही।
महिला पुलिस थाना ने दर्ज किया मामला
महिला की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए महिला पुलिस थाना कुल्लू ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और शिकायत में लगाए गए आरोपों की सच्चाई का पता लगाया जा रहा है। जांच के दौरान पुलिस संबंधित लोगों से पूछताछ करेगी और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : दुनिया के सबसे ऊंचे डाकघर से खत भेज रहे सैलानी, चार दिन में बिके 98 हजार के स्टांप
पुलिस अधीक्षक ने की मामले की पुष्टि
कुल्लू पुलिस अधीक्षक मदन लाल कौशल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। पुलिस पूरी निष्पक्षता के साथ मामले की जांच कर रही है।
