हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर से एक चिंताजनक मामला सामने आया है। जिसने सभी को हैरान कर दिया है। यहां पर जेल में कैदी से मिलने पहुंचे एक व्यक्ति से पुलिस ने नशीला पदार्थ बरामद किया है।

कैदी से जेल में मिलने आया था व्यक्ति 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला हमीरपुर जेल से बीते कल वीरवार शाम करीब 4:20 बजे सामने आया है। यहां पर डूंगरी निवासी संजीव कुमार जेल में बंद विनय कुमार से मिलने पहुंचा था। वह अपने साथ कैदी के लिए कुछ सामान भी लेकर आया था। 

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : तेज रफ्तार कार का कहर- पहले बस को मारी टक्कर, फिर 3 लोगों को कुचला- दो की थमीं सांसें

 

जेल में तैनात वार्डर बबलू कुमार ने नियम के मुताबिक उसके सामान और जूतों की तलाशी ली। इस दौरान दोनों जूतों के अतिरिक्त तलवों में सफेद रंग की कुछ संदिग्ध गोलियां छिपी हुई मिलीं। यह देखकर वार्डर ने तुरंत जेल प्रशासन को इसकी जानकारी दी।

कैदी तक पहुंचाने के लिए लाया था गोलियां

गोलियां मिलने के बाद जेल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि ये नशीली गोलियां हैं और इन्हें जेल में बंद कैदी विनय कुमार तक पहुंचाने के लिए लाया गया था। पुलिस ने सभी गोलियों को अपने कब्जे में लेकर जांच के लिए लैब भेज दिया है। अभी यह साफ नहीं हुआ है कि गोलियां किस तरह की हैं और उनमें कौन सा पदार्थ मौजूद है। इसकी पुष्टि लैब की रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।

 

यह भी पढ़ें : BJP सांसद कंगना के खिलाफ DGP से शिकायत : सोनिया की किताब पर उठाए थे सवाल

कैदी और मिलने आए व्यक्ति पर केस दर्ज

पुलिस ने इस मामले में कैदी विनय कुमार और उससे मिलने पहुंचे संजीव कुमार के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22 के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गोलियां कहां से लाई गई थीं और इन्हें जेल के अंदर पहुंचाने की क्या योजना थी। एसपी हमीरपुर बलवीर ठाकुर ने बताया कि बरामद गोलियां नशीली होने की आशंका है। इन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।