सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में एक बार फिर बच्चे के लापता होने का मामला सामने आया है। संगड़ाह क्षेत्र में नन्ही आर्या की तलाश के बीच अब नाहन तहसील के लाना कोटला गांव से 11 वर्षीय बालक के लापता होने का मामला सामने आया है। बालक के लापता होने के बाद परिवार की चिंता बढ़ गई है। 

लापता बालक की पहचान

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला सिरमौर के लाना कोटला से सामने आया है। पुलिस के अनुसार, लापता बालक का नाम आशिफ पुत्र नेकुदीन है और उसकी उम्र 11 साल है।

 

यह भी पढ़ें : टांडा अस्पताल की चौथी मंजिल से कूदी युवती, मौके पर ही तोड़ा दम- इलाज के लिए हुई थी भर्ती

 

वह गांव लाना कोटला, डाकघर सुरला, तहसील नाहन, जिला सिरमौर का रहने वाला है। पुलिस ने उसकी पहचान के लिए सिर पर चोट या घाव के निशान भी बताए हैं।

जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को बताएं

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी को आशिफ के बारे में कोई जानकारी मिलती है तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या चौकी में सूचना दें। इसके अलावा जिला सिरमौर पुलिस के कंट्रोल रूम नंबर 7650002024 पर भी जानकारी दी जा सकती है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस सूचना को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाएं, ताकि बालक को जल्द तलाश किया जा सके।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : गाड़ी लेकर निकले पिता-पुत्री हुए गायब, लावारिस हाल में मिली पिकअप; टूटे शीशों ने बढ़ाई चिंता

आर्या की तलाश भी जारी

गौरतलब है कि इससे पहले सिरमौर के संगड़ाह उपमंडल की लाना चेता पंचायत के घेवना गांव से नन्ही आर्या के लापता होने का मामला सामने आया था। बच्ची की तलाश के लिए पुलिस, ग्रामीणों और एनडीआरएफ की टीम ने कई दिनों तक अभियान चलाया, लेकिन उपलब्ध जानकारी के अनुसार अभी तक बच्ची का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

दोनों मामलों को लेकर पुलिस की जांच जारी

सिरमौर में लगातार बच्चों के लापता होने के मामले सामने आने से लोगों की चिंता बढ़ गई है। हालांकि, अभी तक आशिफ और आर्या के लापता होने के मामलों के बीच किसी तरह का संबंध सामने नहीं आया है। ऐसे में दोनों मामलों को लेकर सिर्फ पुलिस की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करना जरूरी है।