शिमला/ऊधमपुर। हिमाचल प्रदेश के पड़ोसी राज्य जम्मू-कश्मीर से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। ऊधमपुर जिले के टिकरी क्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक आठ वर्षीय बच्ची के कथित अपहरण की खबर सामने आई।
सुबह-सवेरे बच्ची का अपहरण...
घटना के बाद पूरे इलाके में डर और चिंता का माहौल बन गया। परिवार के लोग बदहवास हालत में बच्ची की तलाश में जुट गए, वहीं स्थानीय लोगों की भीड़ भी मौके पर जमा हो गई।
यह भी पढ़ें- माता चिंतपूर्णी ने हर लिए सारे दुख : आंखों में पट्टी बांध, घुटनों के बल ज्योति लेकर दरबार पहुंचा पंजाबी
HP नंबर की गाड़ी में आए शातिर
जानकारी के अनुसार, जारमाड़ा गांव की रहने वाली बच्ची सुबह अपने घर के बाहर निकली थी। इसी दौरान वहां एक संदिग्ध वाहन पहुंचा, जिस पर HP का नंबर लगा हुआ बताया जा रहा है।
गाड़ी में जबरन बैठाया
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वाहन में मौजूद लोगों ने बच्ची को जबरन अंदर बैठाया और तेजी से वहां से निकल गए। घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं पाए।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : चुनाव के बीच जिला परिषद प्रत्याशी पर हम*ला, सिर फोड़ा और गाड़ी तोड़ी- थाने पहुंची महिला
परिवार में मचा हड़कंप
घटना की जानकारी मिलते ही बच्ची के परिवार में हड़कंप मच गया। परिजनों ने रोते-बिलखते हुए पुलिस से तुरंत कार्रवाई की मांग की। इलाके के लोगों ने भी बच्ची की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई और पुलिस प्रशासन से सख्त कदम उठाने की अपील की।
पुलिस का तुरंत एक्शन
मामले की गंभीरता को देखते हुए टिकरी पुलिस पोस्ट की टीम तुरंत सक्रिय हो गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थानीय लोगों से पूछताछ शुरू की और आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया। संदिग्ध वाहन के बारे में जानकारी जुटाने के लिए विभिन्न नाकों और चौकियों को भी अलर्ट कर दिया गया।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में थायराइड बना बड़ी बीमारी : बच्चों तक पहुंचा असर, तेजी से बढ़ रहे मामले
कुछ ही घंटों में लड़की बरामद
सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों के भीतर बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया। हालांकि, बच्ची कहां मिली और उसे किन परिस्थितियों में बरामद किया गया, इसे लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस की ओर से इस बात की भी पुष्टि नहीं की गई है कि मामले में किसी संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है या नहीं।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और अपहरण के पीछे की असली वजह का पता लगाया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और गांवों में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग उठाई है।
