शिमला। हिमाचल प्रदेश पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज डरोह में एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां प्रशिक्षण लेने आई एक महिला कांस्टेबल को कथित तौर पर अश्लील और आपत्तिजनक संदेश भेजे गए। शिकायत मिलते ही उत्तरी रेंज की डीआईजी सौम्या सांबशिवन ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित हेड कांस्टेबल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दे दिए हैं। घटना ने पुलिस महकमे में अनुशासन और आचरण पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
लिखित शिकायत के बाद शुरू हुई कार्रवाई
सूत्रों के अनुसार प्रशिक्षु महिला कांस्टेबल ने करीब पांच दिन पहले डीआईजी नॉर्थ रेंज को लिखित शिकायत सौंपी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि संस्थान में तैनात हेड कांस्टेबल व्हाट्सएप के जरिए उसे लगातार आपत्तिजनक और अश्लील संदेश भेज रहा था। शिकायत में स्क्रीन शॉट और डिजिटल साक्ष्यों का भी उल्लेख बताया जा रहा है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रारंभिक जांच की गई, जिसमें आरोप प्रथम दृष्टया गंभीर पाए गए।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: स्कूल से लौटते वक्त फिसला 13 वर्षीय छात्रा का पैर, शरीर पर आई गंभीर चोटें- हुई मौ.त
तत्काल निलंबन, विभागीय जांच के आदेश
आरोपों की पुष्टि के शुरुआती संकेत मिलते ही संबंधित हेड कांस्टेबल को निलंबित कर दिया गया। विभागीय स्तर पर जांच शुरू कर दी गई है। जांच में यह भी परखा जाएगा कि क्या आरोपी ने अपने पद का दुरुपयोग किया, और क्या इस मामले में आईटी एक्ट या अन्य प्रासंगिक धाराएं लागू होती हैं।
यह भी पढ़ें : सावधान हिमाचल! 48 घंटे खराब रहेगा मौसम, फिर होगी बारिश-बर्फबारी; जानें अपडेट
पुलिस विभाग के सूत्रों का कहना है कि डिजिटल माध्यम से होने वाले उत्पीड़न के मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है और किसी भी स्तर पर अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
महिला आयोग ने निष्पक्ष जांच की जताई उम्मीद
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए महिला आयोग की अध्यक्ष विद्या नेगी ने कहा कि प्रशिक्षण के लिए आई युवती के यौन उत्पीड़न की शिकायत पर जिस संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की गई, वह सराहनीय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि निष्पक्ष जांच के जरिए पीड़िता को न्याय मिलेगा और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
