सिरमौर। हिमाचल प्रदेश में ऑपरेशन सिंदूर के बाद से ऐसे लोगों पर पुलिस द्वारा शिकंजा कसा जा रहा है जो देश में रहकर भी देश के खिलाफ जहर घोल रहे है। देशविरोधी गतिविधियों में पाए जाने वाले कई लोगों को गिरफ्तार कर उन्हें रिमांड पर भी रखा गया है। बता दें कि सोशल मीडिया के माध्यम से कई लोग भारत की खिलाफत करते नजर आ चुके है। ऐसे में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जिला सिरमौर के पांवटा साहिब से एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। 

PM मोदी और राफेल को किया था शेयर

जानकारी के अनुसार, पुलिस ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट डालने और पाकिस्तान ज़िंदाबाद लिखने के आरोप में एक युवक सुलेमान को गिरफ्तार किया है। आरोपी को आज अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 12 जून तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : खाकी पर लगा दाग, घूसखोर हेड कांस्टेबल गिरफ्तार- FIR से नाम हटाने के लिए मांगे थे हजारों

पाकिस्तान ज़िंदाबाद लिख सोशल मीडिया पर जहर घोलता रहा

पुलिस के अनुसार, सुलेमान उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के अब्दुलागढ़ का निवासी है और पांवटा साहिब के बद्रीपुर क्षेत्र में रेहड़ी लगाकर फल-सब्जी बेचता था। आरोप है कि भारत-पाक तनाव के दौरान उसने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक बेहद आपत्तिजनक तस्वीर साझा की जिसमें प्रधानमंत्री मोदी के चेहरे के साथ एक क्षतिग्रस्त राफेल विमान को गधा गाड़ी से खींचते हुए दिखाया गया। इस पोस्ट के नीचे उसने पाकिस्तान जिंदाबाद भी लिखा था।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में राशन कार्ड ब्लॉक होने से गरीब परेशान, सरकार की व्यवस्था पर उठे कई सवाल

विवाद के बाद पोस्ट डिलीट की

हालांकि, सुलेमान ने यह पोस्ट कुछ देर बाद डिलीट कर दी, मगर तब तक स्थानीय निवासी अभिषेक वर्मा व अन्य ने इसका स्क्रीनशॉट लेकर थाना पांवटा साहिब में शिकायत दर्ज करवा दी। पुलिस ने 27 मई को ही मामला दर्ज कर लिया था, लेकिन आरोपी तब सहारनपुर भाग गया था। बीते रविवार शाम पुलिस ने उसे पांवटा साहिब से गिरफ्तार किया और भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 152 (देशद्रोह/राजद्रोह) के तहत मुकद्दमा दर्ज किया।

SHO देवी सिंह ने की पुष्टि

पांवटा साहिब थाना प्रभारी देवी सिंह ने पुष्टि की कि आरोपी पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में सक्रिय था। सुलेमान की पोस्ट समाज में शांति और राष्ट्रीय एकता को चोट पहुंचाने वाली थी। मामले की जांच जारी है और उसके सोशल मीडिया नेटवर्क की भी निगरानी की जा रही है।

यह भी पढ़ें : आजादी के बाद पहली बार आज खुलेगा हिमाचल का ये दर्रा, चाइना बॉर्डर का कर सकेंगे दीदार

देहरा से पाकिस्तान का जासूस भी पकड़ा गया

बता दें कि हिमाचल की ये कोई पहली घटना नहीं है। हाल ही में हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला के देहरा क्षेत्र में भी पाकिस्तान के लिए जासूसी कर रहे एक युवक, अभिषेक भारद्वाज (20), को गिरफ्तार किया गया था। आरोप है कि अभिषेक सोशल मीडिया के जरिए भारतीय सेना और संवेदनशील ठिकानों की जानकारी पाकिस्तान को भेज रहा था। पुलिस ने उसके मोबाइल से कई गोपनीय दस्तावेज, फोटो और चैट्स बरामद किए हैं, जिन्हें फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें