मंडी। हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी से सुबह-सवेरे सामने आई एक खबर ने हर किसी को चौंका दिया था। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में दिख रहा था कि एक महिला जिसे जंजीर से बांधा गया है और उसके साथ मारपीट की गई है। इस अमानवीय कृत्य के बाद हर ओर ये खबर चली और लोगों का भारी रोष भी देखने को मिला। वहीं इस मामले में एक नया ट्वीस्ट आ गया है। 

जंजीर से बांधने वाली बात महज ड्रामा

करसोग उपमंडल की लोअर करसोग पंचायत से सामने आए इस वीडियो में तथ्य ये है कि महिला को मारापीटा गया है और उसका मेडिकल भी पुलिस द्वारा करवाया जा रहा है। मगर, महिला को जंजीर से बांधने वाली बात में सत्यता नहीं है।  पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि महिला को जंजीर से बांधने की कहानी असल में एक ड्रामा थी। हालांकि, महिला के साथ मारपीट की पुष्टि हो चुकी है और पुलिस ने मेडिकल करवाकर मामले की जांच तेज़ कर दी है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल BJP में नेतृत्व परिवर्तन की आहट, नड्डा के एक माह में दूसरे दौरे से गरमाई सियासत

हमीरपुर की रहने वाली है महिला

पुलिस की जांच में सामने आया है कि वीडियो में दिख रही महिला मूलतः हमीरपुर जिले की रहने वाली है। वह पिछले दो महीनों से करसोग के एक ग्रामीण के घर पर रह रही थी। जिस व्यक्ति के साथ महिला रह रही थी, वह पहले से शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे भी हैं। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले भी महिला अचानक गायब हो गई थी, जिसकी शिकायत उस व्यक्ति ने पुलिस में दर्ज करवाई थी।

महिला ने की थी कहीं जाने की बात

शुरुआती जांच में सामने आया है कि महिला फिर से उस घर से कहीं जाने की बात कर रही थी। इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हुई और व्यक्ति ने उसके साथ मारपीट की। महिला के शरीर पर कई गहरे घाव पाए गए हैं, जिसकी पुष्टि पुलिस मेडिकल रिपोर्ट से करेगी। हालांकि, जब वीडियो सामने आया तो महिला को जंजीर से बंधा हुआ दिखाया गया, लेकिन पुलिस के मौके पर पहुंचने के साथ ही जंजीर खुल गई और महिला उठ खड़ी हुई।

 

यह भी पढ़ें : CM सुक्खू के कार्यक्रम में अनुराग ठाकुर के प्रोटोकॉल का उल्लंघन: बुलाया ही नहीं गया

कुत्ते को बांधने वाली चेन से बंधी थी महिला

पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि जिस चेन से महिला बंधी थी, वह दरअसल घर में कुत्ते को बांधने के लिए इस्तेमाल होती थी। जंजीर का ताला भी ऐसा था, जिसे बिना चाबी के खोला जा सकता था। इससे यह संकेत मिलता है कि महिला को बंधक बनाना केवल दिखावा था, लेकिन मारपीट की घटना गंभीर है और जांच का मुख्य विषय बन गई है।

पुलिस कर रही है गहराई से जांच

एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने पुष्टि की है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। महिला का मेडिकल करवाया जा रहा है और साथ ही, उसके साथ रहने वाले व्यक्ति का मोबाइल फोन फिलहाल बंद है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और उसे जल्द ही पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा। यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि महिला आखिर इस व्यक्ति के साथ क्यों रह रही थी और इस संबंध की प्रकृति क्या थी।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें